पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान मोहाली में आयोजित ‘एक शाम भगवान शिव के नाम’ कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया और बड़ी संख्या में मौजूद श्रद्धालुओं का अभिवादन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब की धरती गुरुओं, संतों और पीरों की पावन भूमि है, जहां हमेशा प्रेम, भाईचारा और आपसी सद्भाव की परंपरा रही है। उन्होंने कहा कि राज्य की पहचान आपसी एकता और सांझी संस्कृति से है।
भाईचारे और सामाजिक एकता पर दिया जोर
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि पंजाब का समाज एक सुंदर गुलदस्ते की तरह है, जहां अलग-अलग धर्मों और समुदायों के लोग मिल-जुलकर रहते हैं। उन्होंने कहा कि इस धरती पर नफरत नहीं, बल्कि प्यार, सम्मान और सांझीवाले की भावना की फसल उगती है। उन्होंने लोगों से सामाजिक सद्भाव बनाए रखने और एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करने की अपील भी की।
तीर्थ यात्रा के लिए नई बस सेवा शुरू होगी
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि बुजुर्गों की आस्था और धार्मिक भावनाओं को ध्यान में रखते हुए 1 अगस्त से मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत नई बस सेवाएं शुरू की जाएंगी। इन बसों के जरिए श्रद्धालु खाटू श्याम, सालासर, वृंदावन और ऋषिकेश जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों की यात्रा कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को धार्मिक यात्राओं की सुविधा उपलब्ध कराना है।
जनकल्याणकारी योजनाओं का भी किया उल्लेख
भगवंत मान ने कहा कि राज्य सरकार जनता के टैक्स का पैसा जनता की भलाई पर खर्च कर रही है। उन्होंने मुफ्त बिजली, ‘मावां-धीयां सतिकार योजना’ के माध्यम से महिलाओं को सम्मान देने और तीर्थ यात्रा जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार लगातार लोगों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए काम कर रही है। कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं को ‘हर हर महादेव’ के उद्घोष के साथ शुभकामनाएं भी दीं।
