पंजाब विधानसभा में वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने अकाली दल (बादल) और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि अकाली दल के एक विधायक ने सदन में ऐसा मुद्दा उठाया, जिस पर श्री अकाल तख्त साहिब की ओर से पहले ही चर्चा नहीं करने की सलाह दी जा चुकी थी। चीमा ने कहा कि धार्मिक संस्थाओं के निर्देशों का सम्मान सभी राजनीतिक दलों की जिम्मेदारी है।
सत्कार एक्ट पर उठाया सवाल
वित्त मंत्री ने कहा कि श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ने स्पष्ट रूप से कहा था कि सत्कार एक्ट से जुड़े विषय पर सार्वजनिक बहस नहीं की जानी चाहिए। इसके बावजूद विधानसभा में इस विषय को दोबारा उठाया गया, जिसे उन्होंने धार्मिक मर्यादा की अनदेखी बताया।
कांग्रेस और भाजपा पर निशाना
हरपाल चीमा ने कांग्रेस पर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि नशा तस्करी के मामलों में नामजद कुछ लोगों के संबंध कांग्रेस की वरिष्ठ नेतृत्व से रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस भारतीय जनता पार्टी के एजेंडे के अनुसार काम कर रही है और राज्य के असली मुद्दों से लोगों का ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है।
