प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को अरुणाचल प्रदेश के विकास की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए 5,125.37 करोड़ रुपये की विभिन्न बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का शुभारंभ किया। पीएम मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए ईटानगर के इंदिरा गांधी पार्क में आयोजित कार्यक्रम से इन परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।
इस मौके पर प्रधानमंत्री ने शी-योमी ज़िले में दो बड़े जल विद्युत प्रोजेक्ट्स और तवांग में एक आधुनिक कन्वेंशन सेंटर का शिलान्यास किया। अधिकारियों के अनुसार, 186 मेगावॉट का टेटो-1 हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट राज्य सरकार और नॉर्थ ईस्टर्न इलेक्ट्रिक पावर कॉरपोरेशन (NEEPCO) के संयुक्त सहयोग से 1,750 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया जाएगा। इस प्रोजेक्ट से हर साल लगभग 802 मिलियन यूनिट बिजली उत्पादन की उम्मीद है।
इसके अलावा, 240 मेगावॉट का हीओ प्रोजेक्ट भी राज्य सरकार और NEEPCO के सहयोग से 1,939 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया जाएगा। इस प्रोजेक्ट से करीब 1,000 मिलियन यूनिट सालाना बिजली उत्पादन संभव होगा। दोनों परियोजनाएं न केवल ऊर्जा जरूरतों को पूरा करेंगी बल्कि अरुणाचल प्रदेश को ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने में भी मददगार साबित होंगी।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी ने तवांग में बनने वाले एक अत्याधुनिक कन्वेंशन सेंटर का भी शिलान्यास किया। यह केंद्र पीएम-डिवाइन योजना के तहत 145.37 करोड़ रुपये की लागत से बनाया जाएगा। विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस यह कन्वेंशन सेंटर 1,500 से अधिक लोगों की क्षमता वाला होगा और राज्य की सांस्कृतिक गतिविधियों तथा पर्यटन को नई पहचान देगा।
इतना ही नहीं, प्रधानमंत्री ने 1,290 करोड़ रुपये से अधिक के कई और बुनियादी ढांचा प्रोजेक्ट भी लॉन्च किए। इनमें स्वास्थ्य, संपर्क और अग्नि सुरक्षा से जुड़े प्रोजेक्ट शामिल हैं।
इस अवसर पर अरुणाचल प्रदेश के राज्यपाल के.टी. परनाइक, मुख्यमंत्री पेमा खांडू और केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू भी मौजूद रहे। पीएम मोदी ने कहा कि ये प्रोजेक्ट्स न केवल अरुणाचल प्रदेश बल्कि पूरे पूर्वोत्तर क्षेत्र की प्रगति और समृद्धि के लिए महत्वपूर्ण साबित होंगे।
