आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया कंपनी Meta और Meta India पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने दावा किया कि उनका अकाउंट suppress कर दिया गया है। केजरीवाल ने कहा कि उन्होंने इस संबंध में Meta के भारत कार्यालय से संपर्क किया, लेकिन उन्हें प्रतिबंध के कारणों की कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई।
जवाब नहीं मिलने का आरोप
केजरीवाल ने कहा कि उन्होंने इस मामले में कई ईमेल भेजे, लेकिन उन्हें केवल औपचारिक जवाब मिले। उनका आरोप है कि Meta की ओर से यह नहीं बताया गया कि अकाउंट पर suppress क्यों लगाया गया और इसे हटाने की प्रक्रिया क्या है। उन्होंने इसे उपयोगकर्ताओं के प्रति खराब सेवा करार दिया।
आप ने पारदर्शिता की मांग उठाई
आम आदमी पार्टी ने भी इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि बिना किसी स्पष्ट कारण के अकाउंट पर suppress लगाना उचित नहीं है। पार्टी ने कहा कि लोकतंत्र में पारदर्शिता और जवाबदेही जरूरी है तथा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को यह स्पष्ट करना चाहिए कि खातों पर कार्रवाई किन आधारों पर की जाती है।
प्रधानमंत्री पर भी साधा निशाना
अपने बयान में अरविंद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी उल्लेख करते हुए Meta पर सरकार के दबाव में काम करने का आरोप लगाया। वहीं आम आदमी पार्टी ने कहा कि Meta को इस मामले में सार्वजनिक रूप से स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए और उपयोगकर्ताओं के सवालों का जवाब देना चाहिए। Meta की ओर से इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
