पंजाब में करीब 30 लाख परिवारों के लिए सरकार ने एक अहम सूचना जारी की है। अगर इन परिवारों ने 31 अगस्त 2025 तक अपने स्मार्ट राशन कार्ड की ई-केवाईसी (e-KYC) नहीं करवाई, तो उनका राशन कार्ड रद्द किया जा सकता है। इससे वे सरकारी राशन योजना से वंचित भी हो सकते हैं।
बार-बार बढ़ाई गई तारीख़, अब आखिरी मौका
ई-केवाईसी की प्रक्रिया जून 2024 से शुरू हुई थी और इसे पहले मार्च 2025 तक पूरा करने की समय सीमा दी गई थी। इसके बाद सरकार ने लोगों को राहत देते हुए तारीख़ को 30 अप्रैल, फिर 30 जून और उसके बाद 7 जुलाई तक बढ़ाया। अब राज्य सरकार ने केंद्र से फिर अपील की है कि यह तारीख 31 अगस्त तक बढ़ा दी जाए ताकि कोई भी ज़रूरतमंद परिवार राशन से वंचित न रहे।
मंत्री की अपील – तुरंत कराएं ई-केवाईसी
राज्य के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री लालचंद कटारूचक्क ने पंजाब के नागरिकों से अपील की है कि वे जल्द से जल्द डिपो पर जाकर या अपने मोबाइल फोन से घर बैठे ई-केवाईसी जरूर करवा लें। उन्होंने बताया कि जिन लाभार्थियों ने पहले ही e-KYC करवा ली है, उन्हें गेहूं पहले ही वितरित की जा चुकी है। और जो लोग अभी तक यह प्रक्रिया पूरी नहीं कर पाए हैं, उन्हें भी e-KYC होते ही गेहूं तुरंत दे दी जाएगी।
कोई भी ज़रूरतमंद अनाज से वंचित नहीं होगा
मंत्री कटारूचक्क ने यह भी आश्वासन दिया कि सरकार का मकसद किसी भी ज़रूरतमंद को अनाज से वंचित नहीं करना है। जैसे ही लाभार्थी e-KYC करवा लेगा, उसका नाम सूची में फिर से जुड़ जाएगा और उसे राशन मिलना शुरू हो जाएगा।
कैसे करें e-KYC?
लोग अपने नज़दीकी राशन डिपो पर जाकर या मोबाइल फोन के माध्यम से e-KYC कर सकते हैं। इसके लिए जरूरी है कि उनका आधार कार्ड राशन कार्ड से लिंक हो और वे अपनी बायोमेट्रिक जानकारी (जैसे फिंगरप्रिंट या OTP) से सत्यापन करें।
पंजाब सरकार की यह पहल ज़रूरतमंदों तक अनाज पहुंचाने के लिए है, लेकिन इसके लिए लाभार्थियों को भी समय पर अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। अगर आपने अभी तक e-KYC नहीं करवाई है, तो बिना देरी के इसे पूरा कर लें, ताकि आपको और आपके परिवार को राशन योजना का लाभ मिलता रहे। यह एक छोटा-सा कदम है, लेकिन इसके फायदे लंबे समय तक आपके काम आएंगे।
