पंजाब के गांवों में रात के समय रोशनी की व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री भगवंत मान की अगुवाई में पूरे पंजाब के करीब 13.5 हजार गांवों में 3 लाख सोलर लाइटें लगाने की योजना शुरू की गई है। कैबिनेट मंत्री और ‘आप’ पंजाब अध्यक्ष अमन अरोड़ा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी जानकारी साझा की।
470 करोड़ रुपये का प्रोजेक्ट
इस पूरे प्रोजेक्ट पर करीब 470 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। खास बात यह है कि सोलर लाइटें लगाने के बाद अगले 5 साल तक उनकी मरम्मत और रखरखाव की जिम्मेदारी संबंधित कंपनी की होगी। इससे पंचायतों पर अतिरिक्त रखरखाव का बोझ कम होगा।
पंचायतों का खर्च घटा
सरकार ने पंचायतों की हिस्सेदारी में भी बदलाव किया है। पहले पंचायतों को 70 प्रतिशत खर्च देना था, लेकिन अब उन्हें केवल 30 प्रतिशत खर्च ही वहन करना होगा। इससे गांवों में प्रोजेक्ट को लागू करना पंचायतों के लिए आसान होगा।
पहले चरण में 50,870 लाइटें
पहले चरण की शुरुआत आज से कर दी गई है। इस चरण में पंजाब के 2,617 गांवों में कुल 50,870 सोलर लाइटें लगाई जाएंगी। सरकार के अनुसार यह काम चार महीने के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
PEDA में बनेगा कंट्रोल रूम
पूरे प्रोजेक्ट की निगरानी के लिए पंजाब एनर्जी डेवलपमेंट एजेंसी (PEDA) के कार्यालय में एक विशेष कंट्रोल रूम बनाया जाएगा। यहां से सोलर लाइटों की स्थिति और रखरखाव से जुड़ी जानकारी पर नजर रखी जाएगी।
