पंजाब में गैंगस्टरों और उनके नेटवर्क के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। ‘गैंगस्टरां ते वार’ अभियान के 210वें दिन पंजाब पुलिस और एजीटीएफ पंजाब ने राज्यभर में एक साथ कई जगहों पर छापेमारी की। पुलिस ने पहले से चिन्हित और मैप किए गए ठिकानों को कार्रवाई का केंद्र बनाया।
537 ठिकानों पर पुलिस की दबिश
अभियान के तहत अलग-अलग जिलों में कुल 537 छापे मारे गए। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गैंगस्टर नेटवर्क से जुड़े संदिग्धों और आरोपियों पर शिकंजा कसा। पुलिस के अनुसार, इस दौरान 295 लोगों को गिरफ्तार किया गया।
5 घोषित अपराधी भी पकड़े गए
छापेमारी के दौरान लंबे समय से फरार चल रहे 5 घोषित अपराधियों को भी गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा पुलिस ने कार्रवाई में 7 हथियार बरामद किए हैं। बरामदगी के बाद पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इन हथियारों का इस्तेमाल किन आपराधिक गतिविधियों में किया जाना था और इनके पीछे कौन सा नेटवर्क काम कर रहा था।
अभियान में अब तक 61,877 गिरफ्तारियां
पंजाब पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक, ‘गैंगस्टरां ते वार’ अभियान शुरू होने के बाद अब तक कुल 61,877 गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। पुलिस लगातार गैंगस्टरों से जुड़े लोगों, उनके सहयोगियों और संभावित ठिकानों की पहचान कर कार्रवाई कर रही है।
गुप्त सूचना देने के लिए हेल्पलाइन
पुलिस ने लोगों से गैंगस्टर गतिविधियों से जुड़ी जानकारी साझा करने की अपील की है। सूचना देने वाले अपनी पहचान गोपनीय रखते हुए एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन 93946-93946 पर जानकारी दे सकते हैं।
