पंजाब में खेलों को बढ़ावा देने के लिए ‘खेडां वतन पंजाब दियां’ का नया सीजन 5 सितंबर से शुरू होने जा रहा है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रतियोगिता को लेकर कई अहम जानकारियां साझा कीं। इस बार राज्यभर से 10 लाख से ज्यादा खिलाड़ियों के इसमें हिस्सा लेने की उम्मीद है। प्रतियोगिता की शुरुआत बठिंडा से होगी।
9 उम्र वर्गों में होंगे मुकाबले
इस बार खिलाड़ियों के लिए अलग-अलग उम्र के आधार पर 9 वर्ग बनाए गए हैं। राज्यभर में कुल 38 खेलों के मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। खास बात यह है कि पहली बार लड़कों और लड़कियों के लिए टेनिस बॉल क्रिकेट के मुकाबले भी कराए जाएंगे।
ब्लॉक से लेकर राज्य स्तर तक प्रतियोगिता
खेलों की शुरुआत ब्लॉक स्तर से होगी। 3 से 15 सितंबर तक पंजाब के 153 ब्लॉकों में मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। इसके बाद 20 से 30 सितंबर तक जिला स्तर की प्रतियोगिताएं होंगी।
राज्य स्तरीय मुकाबलों का आयोजन 10 अक्टूबर से 23 नवंबर तक 16 जिलों में किया जाएगा। इसके अलावा 25 से 28 नवंबर तक पैरा खिलाड़ियों के लिए विशेष खेल प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।
29 नवंबर को पटियाला में समापन
‘खेडां वतन पंजाब दियां’ का समापन समारोह 29 नवंबर को पटियाला में आयोजित किया जाएगा। सरकार के अनुसार, प्रतियोगिता का उद्देश्य पंजाब के ज्यादा से ज्यादा युवाओं और खिलाड़ियों को खेलों से जोड़ना है।
पोर्टल से कर सकेंगे रजिस्ट्रेशन
खिलाड़ियों के लिए रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया ऑनलाइन रखी गई है। इच्छुक खिलाड़ी संबंधित पोर्टल पर जाकर आसानी से अपना पंजीकरण कर सकते हैं और अपनी पसंद के खेल में हिस्सा लेने के लिए आवेदन कर सकते हैं।
