पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह के अनुसार, मोहाली स्थित पंजाब इंस्टीट्यूट ऑफ लिवर एंड बिलियरी साइंसेज में लिवर से जुड़ी बीमारियों के इलाज और ट्रांसप्लांट की सुविधाओं को लगातार मजबूत किया जा रहा है। सरकार का दावा है कि मरीजों को ये सेवाएं किफायती दरों पर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
170 बेड के अस्पताल में कई जांच सुविधाएं
संस्थान में 170 बेड का अस्पताल है। यहां लिवर की बीमारियों की पहचान के लिए कई महत्वपूर्ण जांच और आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके अलावा डॉक्टरों के लिए सुपर स्पेशलिटी कोर्स शुरू करने की भी योजना है, जिससे लिवर रोगों के इलाज में विशेषज्ञता और बढ़ाई जा सके।
जल्द मिलेगी किडनी ट्रांसप्लांट की सुविधा
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि आने वाले समय में यहां किडनी ट्रांसप्लांट की सुविधा भी शुरू की जाएगी। इससे गंभीर किडनी रोगियों को ट्रांसप्लांट के लिए दूसरे राज्यों में जाने की जरूरत कम हो सकती है।
शराब से होने वाली लिवर बीमारी पर भी फोकस
संस्थान में शराब के सेवन से लिवर की बीमारी से जूझ रहे मरीजों के लिए मनोवैज्ञानिक काउंसलिंग की सुविधा भी दी जा रही है। इसका उद्देश्य मरीजों को इलाज के साथ मानसिक और व्यवहारिक स्तर पर भी मदद देना है। ऐसे मरीजों के लिए अस्पताल में 10 बेड का ICU भी स्थापित किया गया है।
आम लोगों की पहुंच में इलाज का दावा
सरकार का कहना है कि लिवर रोगों के इलाज और ट्रांसप्लांट जैसी महंगी चिकित्सा सेवाओं को अपेक्षाकृत कम खर्च में आम लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया जा रहा है। लिवर ट्रांसप्लांट के बाद अब किडनी ट्रांसप्लांट सेवा शुरू करना इसी विस्तार का अगला कदम बताया जा रहा है।
