पंजाब यूनिवर्सिटी (PU) के छात्र चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी के छात्र संगठन ASAP ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने 22 वर्षीय आदिल बराड़ को छात्र संघ अध्यक्ष पद के लिए उम्मीदवार घोषित किया है। इस फैसले की जानकारी सांसद मीत हेयर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दी।
छात्रों के मुद्दों पर सक्रिय रहने का दावा
मीत हेयर ने कहा कि आदिल बराड़ लंबे समय से छात्रों से जुड़े मुद्दों को उठाते रहे हैं और उनके अधिकारों के लिए आवाज उठाते रहे हैं। उन्होंने कहा कि कम उम्र में बड़ी जिम्मेदारी मिलने के बाद आदिल विश्वविद्यालय के अंदर छात्रों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने के लिए काम करेंगे।
शिक्षा को प्राथमिकता देने की बात
सांसद ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने हमेशा शिक्षा को प्राथमिकता दी है। उन्होंने दावा किया कि पार्टी के छात्र संगठन ASAP के कार्यकर्ताओं ने दिल्ली में हुए Gen-Z प्रदर्शनों में भी सक्रिय भूमिका निभाई थी।
PU चुनाव में जोर-शोर से तैयारी
बाघापुराना से विधायक और ASAP के चुनाव प्रभारी अमृतपाल सिंह सिद्धू ने भी कहा कि संगठन पंजाब यूनिवर्सिटी चुनाव के लिए पूरी तैयारी कर रहा है। उनके मुताबिक ASAP छात्रों के अधिकारों की रक्षा और विश्वविद्यालय से जुड़े मुद्दों को चुनाव अभियान का प्रमुख हिस्सा बनाएगा।
छात्र अधिकारों को लेकर मुकाबला
AAP नेताओं का कहना है कि ASAP पंजाब यूनिवर्सिटी में छात्रों की समस्याओं को उठाने और उनके अधिकारों के लिए आवाज बुलंद करने के उद्देश्य से चुनाव मैदान में उतर रहा है।
