पंजाब में गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ पुलिस का राज्यव्यापी अभियान लगातार जारी है। ‘गैंगस्टरां ते वार’ अभियान के 217वें दिन पंजाब पुलिस ने AGTF के साथ मिलकर प्रदेशभर में चिन्हित ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। पुलिस के मुताबिक, इस कार्रवाई का फोकस गैंगस्टर नेटवर्क से जुड़े लोगों और आपराधिक गतिविधियों पर है।
552 जगहों पर हुई छापेमारी
अभियान के तहत पंजाब के अलग-अलग इलाकों में कुल 552 ठिकानों पर छापे मारे गए। इस दौरान पुलिस ने 354 लोगों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान 6 घोषित अपराधियों को भी पकड़ा गया, जो लंबे समय से पुलिस की नजर में थे।
3 हथियार बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने 3 हथियार भी बरामद किए। अधिकारियों के अनुसार, इन कार्रवाईयों का उद्देश्य गैंगस्टर नेटवर्क की गतिविधियों पर रोक लगाना और उनसे जुड़े लोगों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई करना है।
अब तक 64,572 गिरफ्तारियां
पुलिस के अनुसार, राज्य में इस अभियान की शुरुआत से अब तक कुल 64,572 गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। लगातार की जा रही छापेमारी के जरिए गैंगस्टर नेटवर्क की कड़ियों को तोड़ने और आपराधिक गतिविधियों पर दबाव बनाए रखने की कोशिश की जा रही है।
जानकारी देने के लिए हेल्पलाइन
पुलिस ने आम लोगों से गैंगस्टर गतिविधियों से जुड़ी जानकारी साझा करने की अपील की है। जानकारी देने वाले की पहचान गुप्त रखने की बात कही गई है। इसके लिए एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन 93946-93946 जारी की गई है।
