पंजाब में कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग को मजबूत करने के लिए भगवंत मान सरकार की ओर से कई कदम उठाए जाने का दावा किया गया है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बताया कि पुलिस विभाग को बेहतर संसाधन उपलब्ध कराने पर बजट में विशेष ध्यान दिया गया है। हर SHO के लिए नई गाड़ियां और PCR टीमों के लिए नए मोटरसाइकिल उपलब्ध कराए गए हैं।
CCTV कैमरे बने पुलिस की ‘तीसरी आंख’
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब के अलग-अलग इलाकों में लगाए गए आधुनिक CCTV कैमरे पुलिस के लिए अहम निगरानी व्यवस्था के तौर पर काम कर रहे हैं। इन कैमरों की मदद से संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और घटनाओं की जांच में सहायता मिलने की बात कही गई है।
3,400 युवा जल्द पूरा करेंगे ट्रेनिंग
पुलिस बल को और मजबूत करने की दिशा में करीब 3,400 नए युवाओं की ट्रेनिंग भी जल्द पूरी होने की जानकारी दी गई। मुख्यमंत्री के मुताबिक, नए जवानों के पुलिस बल में शामिल होने से सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी।
नशे के खिलाफ कार्रवाई का जिक्र
CM मान ने नशे के खिलाफ चल रहे अभियान का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ अभियान 500 से ज्यादा दिन पूरे कर चुका है और इस दौरान 70,000 से अधिक गिरफ्तारियां हुई हैं। नशा तस्करों के खिलाफ संपत्ति संबंधी कार्रवाई का भी उल्लेख किया गया।
मुख्यमंत्री ने सड़क सुरक्षा फोर्स (SSF) को भी सरकार की प्रमुख पहलों में बताया। उनके अनुसार, पंजाब में सड़क हादसों में होने वाली मौतों में SSF की तैनाती के बाद 50 फीसदी कमी आई है। उन्होंने कहा कि पंजाब की यह विशेष सड़क सुरक्षा व्यवस्था देश के साथ-साथ विदेशों में भी चर्चा का विषय बनी है।
