जालंधर के गांव काहलवां में आयोजित लोक मिलनी कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने पंजाब के विकास, रोजगार और अपनी राजनीतिक यात्रा को लेकर खुलकर बात की। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह राजनीति में पैसा कमाने के लिए नहीं आए, बल्कि अपना सफल कलाकार का करियर छोड़कर पंजाब की सेवा के लिए राजनीति में आए हैं।
युवाओं को मेरिट पर नौकरी का दावा
CM मान ने युवाओं से पंजाब को बेहतर बनाने के लिए आगे आने की अपील की। उन्होंने कहा कि राज्य में सरकारी नौकरियां बिना सिफारिश और मेरिट के आधार पर दी जा रही हैं। मुख्यमंत्री के मुताबिक, अब तक पंजाब सरकार 70,840 नियुक्ति पत्र युवाओं को दे चुकी है।
‘रंगला पंजाब’ बनाने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकारों के दौरान पंजाब के लोगों के कारोबार और रोजगार के अवसर प्रभावित हुए, लेकिन अब सरकार राज्य को दोबारा मजबूत बनाने के लिए काम कर रही है। उन्होंने युवाओं को पंजाब में ही नए अवसर तलाशने और राज्य की तरक्की में योगदान देने का आह्वान किया।
बादल परिवार पर CM मान का हमला
लोक मिलनी के दौरान मुख्यमंत्री ने शिरोमणि अकाली दल और बादल परिवार पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों के दौरान लोगों के कारोबार में दखल दिया गया और पंजाब को नुकसान पहुंचा। CM ने कहा कि आज विपक्षी दलों की प्राथमिकता पंजाब की तरक्की के बजाय अपनी राजनीतिक कुर्सियां बचाना रह गई है।
पंजाब के मुद्दों पर राजनीति नहीं, काम की जरूरत
CM मान ने कहा कि उनके खिलाफ राजनीतिक विरोध के लिए कई विपक्षी दल एकजुट हो जाते हैं, लेकिन पंजाब के विकास के मुद्दे पर उनकी प्राथमिकता स्पष्ट नहीं दिखाई देती। उन्होंने लोगों से पंजाब को आगे ले जाने के लिए मिलकर काम करने की अपील की।
