पंजाब सरकार के ‘मिशन क्लीन पंजाब’ के दूसरे चरण की शुरुआत हो गई है। खन्ना में कैबिनेट मंत्री तरुणप्रीत सौंद ने सफाई अभियान की अगुवाई की। इस दौरान उन्होंने कहा कि राज्य को साफ और बेहतर बनाने के लिए सरकार ने 10 दिन की विशेष मुहिम शुरू की है।
शहरों की अंदरूनी सफाई पर रहेगा फोकस
अभियान के दौरान शहरों के अंदरूनी हिस्सों में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। सड़कों, गलियों और सार्वजनिक स्थानों के आसपास जमा कचरे को हटाने के साथ उन जगहों की नियमित निगरानी पर भी जोर रहेगा, जहां अक्सर कूड़ा जमा हो जाता है।
बड़े गारबेज पॉइंट भी होंगे साफ
मंत्री के मुताबिक, अभियान में शहरों के बड़े गारबेज पॉइंट्स को भी प्राथमिकता दी जाएगी। इन जगहों से जमा कचरा हटाने के बाद यह सुनिश्चित करने की कोशिश होगी कि वहां दोबारा कूड़े का ढेर न लगे। इसके लिए स्थानीय स्तर पर सफाई व्यवस्था और निगरानी को मजबूत किया जाएगा।
लोगों से सहयोग की अपील
तरुणप्रीत सौंद ने लोगों से भी सफाई अभियान में सहयोग देने की अपील की। उन्होंने कहा कि शहर को साफ रखना केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें नागरिकों की भागीदारी भी जरूरी है। लोगों से सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न फैलाने और आसपास सफाई बनाए रखने का आग्रह किया गया।
