पंजाब में गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ चल रहा राज्यव्यापी अभियान लगातार जारी है। ‘गैंगस्टरों पर वार’ के 219वें दिन पंजाब पुलिस ने एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) के साथ मिलकर राज्य के अलग-अलग हिस्सों में चिन्हित स्थानों पर व्यापक छापेमारी की।
608 जगहों पर हुई छापेमारी
पुलिस के मुताबिक, अभियान के दौरान 608 स्थानों पर रेड की गई। कार्रवाई के दौरान गैंगस्टर गतिविधियों से जुड़े मामलों में 397 लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे 6 घोषित अपराधियों को भी पकड़ने में सफलता हासिल की।
4 हथियार भी बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने 4 हथियार बरामद किए। अधिकारियों के मुताबिक, अभियान का मकसद गैंगस्टर नेटवर्क से जुड़े लोगों तक पहुंचना, अवैध गतिविधियों पर रोक लगाना और अपराधियों की सप्लाई व संपर्क श्रृंखला को कमजोर करना है।
अब तक 65,327 गिरफ्तारियां
पंजाब पुलिस के अनुसार, इस अभियान की शुरुआत से अब तक कुल 65,327 गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। लगातार चल रही कार्रवाई के तहत पुलिस उन स्थानों पर भी नजर रख रही है, जिन्हें गैंगस्टर नेटवर्क से जुड़ी गतिविधियों के लिहाज से चिन्हित किया गया है।
गुप्त सूचना देने के लिए हेल्पलाइन
पुलिस ने आम लोगों से अपराध से जुड़ी जानकारी साझा करने की अपील की है। किसी भी गैंगस्टर गतिविधि की सूचना गोपनीय तरीके से 93946-93946 पर दी जा सकती है। पुलिस के अनुसार, सूचना देने वाले की पहचान को गोपनीय रखा जाएगा।
राज्यभर में जारी है अभियान
‘गैंगस्टरों पर वार’ अभियान में पंजाब पुलिस और AGTF की टीमें लगातार अलग-अलग जिलों में कार्रवाई कर रही हैं। पुलिस का फोकस गैंगस्टर नेटवर्क को कमजोर करने के साथ अवैध हथियारों और आपराधिक गतिविधियों पर नियंत्रण रखने पर है।
