पंजाब में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई को लेकर आम आदमी पार्टी और भाजपा के बीच सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। AAP पंजाब के विधायक और मुख्य प्रवक्ता कुलदीप सिंह धालीवाल ने भाजपा पर केंद्रीय जांच एजेंसियों के जरिए राजनीतिक दबाव बनाने का आरोप लगाया है।
धालीवाल ने कहा कि ED के जरिए AAP नेताओं को डराने या दबाव में लाने की कोशिश सफल नहीं होगी। उनके मुताबिक, पार्टी के नेताओं ने पहले भी जांच और गिरफ्तारी के दौर में झुकने के बजाय कानूनी लड़ाई लड़ने का रास्ता चुना है।
पंजाब सरकार के काम रोकने का आरोप
AAP नेता ने आरोप लगाया कि ED बार-बार पंजाब पुलिस को पत्र भेजकर पंजाब सरकार के मंत्रियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रही है। उन्होंने दावा किया कि बिना ठोस आधार के लगाए जा रहे आरोपों के जरिए सरकार के नेताओं की छवि खराब करने की कोशिश हो रही है।
धालीवाल ने ED की भूमिका पर सवाल उठाते हुए इसे भाजपा की राजनीतिक रणनीति का हिस्सा बताया। उन्होंने कहा कि ऐसी कार्रवाई से पंजाब में चल रहे विकास कार्यों को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है।
किसान आंदोलन और 1984 का मुद्दा भी उठाया
धालीवाल ने भाजपा पर पंजाब और सिख समुदाय के प्रति नकारात्मक रवैया रखने का आरोप लगाया। उन्होंने किसान आंदोलन के दौरान किसानों की मौतों और 1984 के घटनाक्रम का भी जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि भाजपा के वरिष्ठ नेता रहे लालकृष्ण आडवाणी ने अपनी किताब में ऑपरेशन ब्लू स्टार को लेकर इंदिरा गांधी सरकार पर दबाव बनाने की बात स्वीकार की थी।
