चंडीगढ़, 4 नवंबर। पंजाब सरकार के सहयोग से 10वां मिलिट्री लिटरेचर फेस्टिवल 13 से 15 नवंबर 2026 तक चंडीगढ़ के सेक्टर-5 स्थित लेक क्लब में आयोजित किया जाएगा। रक्षा सेवाएं कल्याण मंत्री मोहिंदर भगत ने बुधवार को विभागीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए आयोजन की तैयारियों और व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
इस वर्ष फेस्टिवल की थीम ‘पंजाब और भारत के युवाओं की सेवा का एक दशक’ रखी गई है। तीन दिवसीय इस आयोजन में पैनल चर्चाओं, नाटक प्रस्तुतियों और विभिन्न प्रदर्शनियों के माध्यम से भारतीय सेना की गौरवशाली विरासत, वीरता और बलिदान की कहानियों को सामने लाया जाएगा।
युवाओं को सैन्य इतिहास से जोड़ना उद्देश्य
मंत्री मोहिंदर भगत ने कहा कि मिलिट्री लिटरेचर फेस्टिवल देश की सैन्य विरासत और सशस्त्र बलों के अदम्य साहस को समझने का महत्वपूर्ण मंच है। इसका उद्देश्य नई पीढ़ी को भारत के सैन्य इतिहास से जोड़ना और सैनिकों के साहस, देशभक्ति, नेतृत्व तथा बलिदान से प्रेरित करना है।
उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ प्रशासन, हेडक्वार्टर वेस्टर्न कमांड और अन्य भागीदार संस्थाओं के सहयोग से आयोजित होने वाले इस प्रतिष्ठित कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पंजाब सरकार पूरा सहयोग दे रही है।
सुबह 9 से शाम 6 बजे तक आम लोगों के लिए खुला रहेगा
मंत्री ने बताया कि फेस्टिवल प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक आम लोगों के लिए खुला रहेगा। इसमें विद्यार्थियों, युवाओं, पूर्व सैनिकों, रक्षा मामलों में रुचि रखने वाले लोगों और आम नागरिकों के शामिल होने की उम्मीद है।
पूर्व सैनिकों के कल्याण पर भी हुई चर्चा
बैठक के दौरान मोहिंदर भगत ने पूर्व सैनिकों से जुड़े विभिन्न मुद्दों की मौजूदा स्थिति की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पूर्व सैनिकों के कल्याण से जुड़े मामलों का समयबद्ध तरीके से निपटारा सुनिश्चित किया जाए।
मंत्री ने विश्वास जताया कि मिलिट्री लिटरेचर फेस्टिवल का 10वां संस्करण युवाओं को देश की सैन्य परंपराओं, सैनिकों के योगदान और राष्ट्रीय
