NEET UG पेपर लीक मामले में दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने अहम आदेश दिया है। विशेष फास्ट ट्रैक अदालत ने मामले के सभी 14 आरोपियों के खिलाफ CBI की ओर से लगाए गए आरोपों पर मुकदमा चलाने का फैसला किया है। कोर्ट ने आरोपियों के खिलाफ कॉपीराइट एक्ट की धारा 63 के तहत भी आरोप तय किए हैं।
अदालत ने सभी आरोपियों को 21 नवंबर को व्यक्तिगत रूप से पेश होने का निर्देश दिया है। इसके साथ ही 25 नवंबर से मामले की रोजाना सुनवाई शुरू करने का आदेश दिया गया है।
किन-किन धाराओं में तय हुए आरोप?
अदालत ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 61(2), 238, 316(5), 317(2) और 318(4) के तहत आरोप तय किए हैं।
इसके अलावा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 13(2) और 13(1)(a) के तहत भी आरोप लगाए गए हैं।
वहीं, सार्वजनिक परीक्षा में अनुचित साधनों की रोकथाम अधिनियम, 2024 की धारा 3, 4, 5, 10 और 11 के तहत भी मुकदमा चलेगा। इसके साथ कॉपीराइट एक्ट की धारा 63 भी शामिल है।
21 नवंबर को कोर्ट में पेश होंगे सभी 14 आरोपी
विशेष फास्ट ट्रैक अदालत ने सभी आरोपियों को 21 नवंबर को खुद अदालत में उपस्थित रहने का आदेश दिया है। इस दिन आरोपों से जुड़ी औपचारिक प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके बाद 25 नवंबर से नियमित रूप से प्रतिदिन सुनवाई होगी।
CBI ने 20 हजार पन्नों की चार्जशीट दाखिल की
NEET UG पेपर लीक मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) कर रही है। जांच एजेंसी इस मामले में करीब 20 हजार पन्नों की चार्जशीट दाखिल कर चुकी है। CBI ने जुलाई में पहली बार आरोप पत्र पेश किया था। इसके बाद 12 अगस्त को राउज एवेन्यू कोर्ट की विशेष फास्ट ट्रैक अदालत ने इस चार्जशीट पर संज्ञान लिया था।
