चंडीगढ़, 18 नवंबर 2026: आम आदमी पार्टी (AAP) पंजाब के मीडिया इंचार्ज बलतेज पन्नू ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के पंजाब दौरे को लेकर तीखा हमला बोला है। उन्होंने गुजरात के बंदरगाहों के जरिए देश में पहुंचने वाले कथित ड्रग्स, बिक्रम सिंह मजीठिया से जुड़े ड्रग्स मामले में ईडी की कार्रवाई और भाजपा शासित राज्यों में गैंगस्टरों की मौजूदगी को लेकर सवाल उठाए हैं।
बलतेज पन्नू ने कहा कि नितिन नबीन पंजाब आए, लेकिन उन्हें यह बताना चाहिए था कि केंद्र की भाजपा सरकार गुजरात के पोर्ट से आने वाले ड्रग्स को रोकने के लिए अब तक क्या कदम उठा रही है। उन्होंने सवाल किया कि गुजरात के रास्ते देश और पंजाब में नशा पहुंचने के मुद्दे पर भाजपा नेतृत्व जवाब क्यों नहीं देता?
मजीठिया केस में ईडी की कार्रवाई पर सवाल
आप नेता ने बिक्रम सिंह मजीठिया से जुड़े ड्रग्स मामले का मुद्दा उठाते हुए पूछा कि इस मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने अब तक कार्रवाई क्यों नहीं की? उन्होंने कहा कि ईडी को भेजे गए मामले पर केंद्र सरकार और जांच एजेंसी की ओर से क्या कदम उठाए गए हैं, इसका जवाब भाजपा अध्यक्ष को पंजाब की जनता को देना चाहिए।
गुजरात को बताया गैंगस्टरों की पनाहगाह
बलतेज पन्नू ने आरोप लगाया कि पंजाब पुलिस की सख्ती के कारण कुछ गैंगस्टर गुजरात में शरण ले रहे हैं और वहां अलग-अलग नामों से रह रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि भाजपा शासित राज्य गैंगस्टरों के लिए सुरक्षित पनाहगाह बनते जा रहे हैं। पन्नू ने कहा कि भाजपा नेता इस गंभीर मुद्दे पर चुप्पी साधे हुए हैं।
भाजपा की नशा विरोधी यात्रा को बताया फ्लॉप
आप मीडिया इंचार्ज ने कहा कि पंजाब में ‘युद्ध नशेआं विरुद्ध’ अभियान सरकार और जनता के सहयोग से चलाया जा रहा है। उनके मुताबिक, भाजपा ने नशे के मुद्दे पर जो यात्रा निकालने की कोशिश की, उसे लोगों का समर्थन नहीं मिला और यह पूरी तरह असफल रही। उन्होंने आरोप लगाया कि अपनी राजनीतिक विफलता छिपाने के लिए भाजपा नेता पंजाब सरकार पर बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं।
750 किसानों की मौत का मुद्दा उठाया
बलतेज पन्नू ने किसान आंदोलन का जिक्र करते हुए कहा कि दिल्ली मोर्चे के दौरान जान गंवाने वाले 750 किसानों का मुद्दा आज भी पंजाब में भाजपा के सामने खड़ा है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं को गांवों में जाकर जनता के सवालों का सामना करना चाहिए। उनके अनुसार, किसान आंदोलन के दौरान हुई मौतों को लेकर पंजाब के गांवों में आज भी भाजपा के प्रति नाराजगी है।
पन्नू ने भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन को चुनौती देते हुए कहा कि वह पंजाब के गांवों, शहरों और मोहल्लों में जाकर लोगों से पूछें कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और पंजाब सरकार के कामकाज को लेकर उनकी क्या राय है। उन्होंने दावा किया कि पंजाब की जनता आम आदमी पार्टी सरकार के कामों का समर्थन कर रही है।
बलतेज पन्नू ने कहा कि भाजपा को पंजाब में राजनीतिक बयानबाजी करने के बजाय पहले नशे, गैंगस्टरवाद और किसानों से जुड़े सवालों का जवाब देना चाहिए।
