चंडीगढ़, 19 नवंबर। पंजाब की बेटी जसप्रीत कौर ने राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन किया है। सरकारी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), मानसा की छात्रा जसप्रीत कौर ने इलेक्ट्रिकल ट्रेड में देशभर में पहला स्थान हासिल किया है। इस उपलब्धि पर पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने छात्रा और उसके इंस्ट्रक्टर गुरबिंदर सिंह को 25-25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने जसप्रीत कौर को बधाई देते हुए कहा कि यह पूरे पंजाब के लिए गर्व की बात है। उसकी मेहनत, लगन और समर्पण प्रदेश के दूसरे युवाओं के लिए प्रेरणा बनेगा। उन्होंने छात्रा के माता-पिता, आईटीआई मानसा के प्रिंसिपल और सभी इंस्ट्रक्टरों को भी इस सफलता के लिए बधाई दी।
आईटीआई को आधुनिक बनाने पर जोर
बैंस ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों को आधुनिक सुविधाओं से लैस कर रही है। आईटीआई में बेहतर बुनियादी ढांचा, उद्योगों की जरूरतों के अनुसार पाठ्यक्रम और विद्यार्थियों को समर्पित मार्गदर्शन उपलब्ध करवाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य युवाओं को केवल रोजगार के योग्य बनाना नहीं, बल्कि उन्हें भविष्य की तकनीकी और औद्योगिक चुनौतियों का सामना करने के लिए भी तैयार करना है।
विद्यार्थियों को बड़े लक्ष्य रखने की अपील
शिक्षा मंत्री ने प्रदेशभर के आईटीआई प्रिंसिपलों से विद्यार्थियों को नई सोच और उत्साह के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सही मार्गदर्शन और कड़ी मेहनत से पंजाब के युवा राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा साबित कर सकते हैं।
वहीं, तकनीकी शिक्षा एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव विकास प्रताप ने जसप्रीत कौर की उपलब्धि को पूरे विभाग के लिए गर्व का विषय बताया। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार युवाओं को कौशल, आत्मविश्वास और बेहतर अवसर उपलब्ध करवाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
