दिल्ली पुलिस की इंटेलिजेंस फ्यूजन एंड स्ट्रैटेजिक ऑपरेशंस (IFSO) यूनिट ने साइबर ठगी के लिए म्यूल बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले एक संगठित नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में इस नेटवर्क के तार कंबोडिया से संचालित एक अंतरराष्ट्रीय साइबरक्राइम सिंडिकेट से जुड़े मिले हैं। आरोपी विदेश में बैठे साइबर अपराधियों को ठगी की रकम हासिल करने और उसे अलग-अलग खातों में ट्रांसफर करने के लिए बैंक खाते मुहैया कराते थे।
जांच के दौरान एक म्यूल बैंक खाते में करीब 2 करोड़ रुपये के संदिग्ध लेनदेन का पता चला। IFSO की टीम ने HDFC बैंक के अधिकारियों के साथ मिलकर पूरी रकम होल्ड करा दी। इस कार्रवाई में पुलिस ने आंध्र प्रदेश में दर्ज साइबर ठगी के दो मामलों को भी सुलझाया है।
द्वारका के होटल से पकड़े गए आरोपी
पुलिस के मुताबिक, दिल्ली के स्पेशल सेल थाने में दर्ज FIR नंबर 148/26 की जांच के दौरान सूचना मिली थी कि एक गिरोह साइबर अपराधियों को ठगी की रकम के लेनदेन के लिए बैंक खाते उपलब्ध करा रहा है। गिरोह के कुछ सदस्य द्वारका इलाके के एक होटल में ठहरे हुए थे। वे HDFC बैंक में M/s MR Traders के नाम से संचालित खाते का इस्तेमाल साइबर ठगी की रकम को इधर-उधर ट्रांसफर करने के लिए कर रहे थे।
सूचना के आधार पर IFSO की टीम ने छापेमारी कर आरोपियों को पकड़ा। इसके बाद स्पेशल सेल थाने में FIR नंबर 230/26 दर्ज कर आगे की जांच शुरू की गई।
मोबाइल में मिला OTP विदेश भेजने वाला ऐप
जांच में आरोपियों के काम करने का तरीका सामने आया। आरोपी साइबर ठगों को म्यूल बैंक खाते उपलब्ध कराते थे। इन खातों के जरिए ठगी की रकम हासिल की जाती थी और फिर उसे कई अन्य बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिया जाता था, ताकि पैसों के असली स्रोत को छिपाया जा सके।
आरोपियों के मोबाइल फोन की जांच में ‘SMS TOOLS’ नाम का एक संदिग्ध ऐप मिला। पुलिस के मुताबिक, इस ऐप को इस तरह कॉन्फिगर किया गया था कि मोबाइल पर आने वाले SMS और बैंकिंग OTP अपने आप विदेश में बैठे साइबर अपराधियों तक पहुंच जाएं। इससे विदेशी साइबर ठग दूर बैठकर ही बैंक खातों को ऑपरेट कर सकते थे।
म्यूल खातों की खरीद-फरोख्त के लिए 7 टेलीग्राम चैनल
पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी आपस में संपर्क और समन्वय के लिए टेलीग्राम का इस्तेमाल करते थे। जांच के दौरान ऐसे सात टेलीग्राम चैनलों की पहचान हुई है, जिनके जरिए कथित तौर पर म्यूल बैंक खातों की खरीद-फरोख्त की जा रही थी।
आरोपियों के मोबाइल फोन से टेलीग्राम चैट, व्हाट्सऐप बातचीत और क्रिप्टोकरेंसी लेनदेन से जुड़े डिजिटल सबूत भी मिले हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी कंबोडिया से संचालित एक अंतरराष्ट्रीय साइबरक्राइम सिंडिकेट के लिए स्थानीय स्तर पर मददगार और खाते उपलब्ध कराने वाले फेसेलिटेटर के रूप में काम कर रहे थे।
पांच आरोपी गिरफ्तार
* अनीश खान (31)
* इंतखाब (27)
* अल्ताफ हुसैन (45)
* मोहम्मद महफूजार रहमान (41)
* इजहार आलम (34)
छह मोबाइल फोन और चेकबुक बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से M/s MR Traders के बैंक खाते से संबंधित चेकबुक और छह मोबाइल फोन जब्त किए हैं। मोबाइल फोन से व्हाट्सऐप और टेलीग्राम चैट, क्रिप्टोकरेंसी ट्रांजेक्शन और अन्य डिजिटल साक्ष्य मिले हैं। इसके अलावा म्यूल बैंक खातों के कारोबार से जुड़े सात टेलीग्राम चैनलों के डिजिटल सबूत भी जुटाए गए हैं।
अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क की जांच जारी
इस पूरे ऑपरेशन को IFSO की टीम ने अंजाम दिया। टीम में इंस्पेक्टर सतीश कुमार, हेड कांस्टेबल राजेश और हेड कांस्टेबल मनोज कुमार शामिल थे। कार्रवाई ACP विवेकानंद झा की निगरानी और DCP-I/IFSO गौरव त्यागी के नेतृत्व में की गई।
पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी, दूसरे म्यूल बैंक खातों का पता लगाने, ठगी की रकम के पूरे मनी ट्रेल और कंबोडिया में बैठे साइबर अपराधियों के हैंडलर्स की भूमिका की जांच कर रही है।
