पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने राज्य में खेल सुविधाओं को मजबूत बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। उन्होंने जालंधर जिला बैडमिंटन एसोसिएशन को 2.14 करोड़ रुपये की विशेष ग्रांट प्रदान की। इस राशि से रायजादा हंसराज बैडमिंटन स्टेडियम में नया इंडोर बैडमिंटन हॉल बनाया जाएगा, जिससे खिलाड़ियों को बेहतर अभ्यास और प्रतियोगिताओं की सुविधाएं मिल सकेंगी।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इस दौरान बैडमिंटन खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनसे बातचीत भी की। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि पंजाब सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने युवाओं को पूरी मेहनत और लगन के साथ खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य पंजाब में आधुनिक खेल बुनियादी ढांचे का विकास करना है, ताकि खिलाड़ियों को अपने ही राज्य में विश्वस्तरीय सुविधाएं मिल सकें। उनका कहना था कि बेहतर खेल सुविधाओं से नई प्रतिभाओं को आगे आने का अवसर मिलेगा और पंजाब राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अधिक चैंपियन खिलाड़ी तैयार कर सकेगा।
