
लुधियाना पश्चिम हलके की उपचुनाव राजनीति में आम आदमी पार्टी (AAP) ने कांग्रेस को एक बड़ा झटका दिया है। मंगलवार को कांग्रेस के सीनियर नेता और पूर्व पार्षद सुनील कपूर ने अपनी पूरी टीम के साथ आम आदमी पार्टी का दामन थाम लिया। उन्हें दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पार्टी में शामिल किया।
इस मौके पर ‘आप’ पंजाब के प्रभारी मनीष सिसोदिया, पंजाब के प्रधान अमन अरोड़ा और लुधियाना पश्चिम से पार्टी उम्मीदवार संजीव अरोड़ा भी मौजूद थे।
गौरतलब है कि सुनील कपूर कांग्रेस पार्टी के लंबे समय से सक्रिय नेता रहे हैं। वह पंजाब कांग्रेस के सचिव जैसे कई पदों पर रह चुके हैं। साथ ही, वह पंजाब के पूर्व कैबिनेट मंत्री लाल सरदारी लाल कपूर के पोते हैं, जो लुधियाना पश्चिम से तीन बार विधायक रह चुके हैं। ऐसे में उनका आम आदमी पार्टी में आना कांग्रेस के लिए एक बड़ा राजनीतिक झटका माना जा रहा है।
अरविंद केजरीवाल ने कपूर का स्वागत करते हुए कहा कि उनका परिवार लुधियाना की राजनीति में हमेशा प्रभावशाली और सम्मानित रहा है। उन्होंने कहा कि कपूर जैसे नेता के पार्टी में आने से आम आदमी पार्टी को पश्चिम लुधियाना में बड़ी मज़बूती मिलेगी।
केजरीवाल ने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि जब इस तरह के पुराने, अनुभवी और समर्पित नेता पार्टी छोड़ रहे हैं, तो यह साफ संकेत है कि अब हवा का रुख किस तरफ है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब बीते दौर की पार्टी बन चुकी है और लोग आम आदमी पार्टी में अपना भविष्य देख रहे हैं।
उपचुनाव को लेकर लुधियाना में सियासी हलचल तेज हो गई है। संजीव अरोड़ा के समर्थन में अब अकाली दल, भाजपा और कांग्रेस के कई नेता आम आदमी पार्टी में शामिल हो रहे हैं। ऐसे में सुनील कपूर जैसे करीबी नेता का कांग्रेस से अलग होकर आम आदमी पार्टी में आना चर्चा का विषय बन गया है।
इससे पहले पार्षद सनी मास्टर, जिन्हें कांग्रेस नेता आशू ने अपनी तरफ बताया था, वह भी एक हफ्ते के अंदर वापस ‘आप’ में लौट आए थे। अब चर्चा है कि आने वाले दिनों में और भी बड़े कांग्रेस नेता आम आदमी पार्टी में शामिल हो सकते हैं।