लुधियाना के पश्चिमी हलके में हो रहे उपचुनाव के दौरान आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार संजीव अरोड़ा ने दावा किया है कि उन्होंने लोगों को ज़रूरी सुविधाएं देने के लिए ऐसे कई काम पूरे करवाए हैं जो 70 सालों से अटके हुए थे, और ये सब कुछ उन्होंने सिर्फ 70 दिनों में किया।
संजीव अरोड़ा ने बताया कि सबसे बड़ी उपलब्धि यह रही कि लाल लकीर क्षेत्र में आने वाले इलाकों जैसे कि बाड़ेवाल, सुनेत, हैबोवाल और जवद्दी के लगभग 1600 परिवारों को उनके घरों का मालिकाना हक दिलाया गया। अब ये लोग अपने मकान बेच सकते हैं या उन पर लोन ले सकते हैं, जो पहले संभव नहीं था।
इसके अलावा, रिशी नगर के X, Y और Z ब्लॉक में 40 साल से रुकी पड़ी 2016 प्रॉपर्टियों की रजिस्ट्री प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
अरोड़ा ने आगे बताया कि उनकी कोशिशों से राजगुरु नगर, रिशी नगर, शहीद भगत सिंह नगर, भारत नगर एक्सटेंशन, संत ईश्वर सिंह नगर और सुखदेव सिंह एन्क्लेव जैसी 6 स्कीमें, जो पहले इंप्रूवमेंट ट्रस्ट के अधीन थीं, अब नगर निगम को ट्रांसफर कर दी गई हैं। इससे इन इलाकों में अब नगर निगम द्वारा पानी, सीवरेज, सड़कों, स्ट्रीट लाइट्स, सफाई और पार्कों की उचित देखभाल की जा सकेगी।
विकास कार्यों पर एक नजर:
-
शहीद भगत सिंह नगर और मॉडल टाउन एक्सटेंशन में दो कम्युनिटी सेंटर का निर्माण शुरू कर दिया गया है।
-
15 अत्याधुनिक सुपर सक्शन मशीनों की मदद से शहर में सीवरेज जाम की समस्या काफी हद तक हल हो गई है।
-
बिजली की समस्या से निपटने के लिए शहर भर में लगभग 250 नए ट्रांसफार्मर लगाए गए हैं।
-
शहर में 250 किलोमीटर सड़कों का निर्माण और मरम्मत की गई है।
-
8200 नई स्ट्रीट लाइट्स लगाई गई हैं, जिससे गलियों में रोशनी और सुरक्षा दोनों बढ़ी हैं।
-
शहर के कई पार्कों को भी नवीनीकृत किया गया है, जिससे लोग अब साफ-सुथरे और हरे-भरे पार्कों में समय बिता सकते हैं।
-
डेंगू जैसी बीमारियों से बचाव के लिए फॉगिंग अभियान 2.5 महीने पहले ही शुरू कर दिया गया था, जिससे मच्छरों पर नियंत्रण पाया गया।
संजीव अरोड़ा का कहना है कि यह सब विकास के छोटे-छोटे उदाहरण हैं, और वह आने वाले समय में लुधियाना वेस्ट को और भी बेहतर बनाने के लिए लगातार काम करते रहेंगे।
