फतेहगढ़ चूड़ियां तहसील में भ्रष्टाचार को लेकर आम जनता के गुस्से के बाद आम आदमी पार्टी ने सख्त रुख अपनाया है। हाल ही में फतेहगढ़ चूड़ियां में हुई एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में जिला अध्यक्ष जोबन रंधावा और लोकसभा प्रभारी राजीव शर्मा ने जानकारी दी कि तहसील कार्यालय में एन.ओ.सी. (NOC) को लेकर भ्रष्टाचार की कई शिकायतें मिली थीं, जिस पर जनता ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया था।
यह मामला पंजाब के वित्त मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां के ध्यान में लाया गया, जिन्होंने तुरंत कार्रवाई करते हुए तहसील की महिला रजिस्ट्री क्लर्क को निलंबित (सस्पेंड) कर दिया। इस फैसले को आम जनता ने सराहा है और इसे भ्रष्टाचार के खिलाफ एक मजबूत कदम बताया जा रहा है।
जोबन रंधावा ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि भ्रष्ट अधिकारी, कर्मचारी और अफसर सुधर जाएं, नहीं तो उनके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। आम आदमी पार्टी की सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि जनता को ईमानदारी से सेवाएं मिलें और कोई भी अफसर अपने पद का गलत इस्तेमाल न कर सके।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह भी बताया गया कि तहसील कार्यालय में लोगों को जरूरी कागजातों के लिए अनावश्यक परेशान किया जा रहा था और पैसे की मांग की जा रही थी, जिससे आम जनता बेहद नाराज़ थी। अब सरकार की इस कार्रवाई से लोगों को उम्मीद है कि आने वाले समय में ऐसे मामलों पर और भी सख्त कार्रवाई होगी।
इस मौके पर मार्केट कमेटी के चेयरमैन राजीव शर्मा, लखविंदर सिंह बिल्ल, बाबा स्वीट्स डेरा रोड, किशन कुमार गामा, दीप बब्बू, सतनाम सिंह, आकाश सिंह समेत कई पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय निवासी मौजूद रहे। सभी ने सरकार के इस फैसले का स्वागत किया और कहा कि आम आदमी पार्टी पंजाब को भ्रष्टाचार मुक्त बनाकर ही दम लेगी।
यह कदम बताता है कि राज्य सरकार न केवल शिकायतें सुन रही है, बल्कि तुरंत एक्शन भी ले रही है।
