लुधियाना में 19 जून को होने वाले ज़िमनी (उपचुनाव) को लेकर सियासी हलचल तेज़ हो गई है। वेस्ट विधानसभा क्षेत्र से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार संजीव अरोड़ा के पक्ष में पार्टी ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। शुक्रवार को लवली यूनिवर्सिटी के चांसलर और जालंधर से राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल ने भी आम आदमी पार्टी के लिए प्रचार किया और लोगों से संजीव अरोड़ा को वोट देने की अपील की।
इससे पहले क्रिकेटर और राज्यसभा सांसद हरभजन सिंह ने भी अरोड़ा के समर्थन में प्रचार किया था। अब अशोक मित्तल और राज्यसभा सांसद राज कुमार चब्बेवाल भी उनके समर्थन में मैदान में उतर आए हैं। शुक्रवार को लुधियाना के आगरा नगर में एक बड़े कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें आम आदमी पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और मंत्री शामिल हुए।
इस कार्यक्रम में आम आदमी पार्टी पंजाब के अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा, मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल, हरजोत बैंस, हरदीप मुंडियां और तरुणप्रीत सौंध शामिल रहे। सभी नेताओं ने एक सुर में लोगों से अपील की कि वे 19 जून को होने वाले उपचुनाव में ईवीएम पर नंबर एक पर दिए गए झाड़ू के निशान का बटन दबाकर संजीव अरोड़ा को विजयी बनाएं।
कार्यक्रम के दौरान मंच से यह भी घोषणा की गई कि अगर संजीव अरोड़ा जीतते हैं तो उन्हें मंत्री पद भी दिया जाएगा। इससे कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खासा उत्साह देखा गया। कई वक्ताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान और पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल का सपना है कि पंजाब में ईमानदार और जमीनी नेता आगे आएं, और संजीव अरोड़ा उसी सोच का प्रतिनिधित्व करते हैं।
इस मौके पर आगरा नगर के कम्युनिटी सेंटर में भारी भीड़ देखने को मिली। न सिर्फ अगवाल समुदाय के लोग बड़ी संख्या में पहुंचे, बल्कि न्यू स्कूल के पूर्व छात्र भी बड़ी संख्या में वहां पहुंचे और अपने पुराने साथी संजीव अरोड़ा के लिए समर्थन जताया। लोगों ने कहा कि संजीव अरोड़ा की छवि एक ईमानदार और समाजसेवी नेता की है और वे निश्चित तौर पर क्षेत्र का विकास करेंगे।
कार्यक्रम में शामिल वक्ताओं ने लोगों को बताया कि आम आदमी पार्टी ने पंजाब में शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और रोजगार के क्षेत्र में बड़े बदलाव किए हैं, और अगर संजीव अरोड़ा को मौका मिला तो वे लुधियाना वेस्ट को एक आदर्श विधानसभा क्षेत्र में बदल सकते हैं।
अब सभी की निगाहें 19 जून पर टिकी हैं, जब लुधियाना वेस्ट के लोग ईवीएम पर बटन दबाकर यह तय करेंगे कि अगला विधायक कौन होगा।
