आम आदमी पार्टी (AAP) पंजाब के अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रस्तावित पंजाब दौरे से पहले कई अहम सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि जब अमित शाह पंजाब आएं, तो उन्हें राज्य के लोगों के सामने इन मुद्दों पर स्पष्ट जवाब देना चाहिए।
आरडीएफ और एमडीएफ फंड को लेकर सवाल
अमन अरोड़ा ने कहा कि केंद्र सरकार को पंजाब के RDF (रूरल डेवलपमेंट फंड) और MDF (मार्केट डेवलपमेंट फंड) के करीब 8300 करोड़ रुपये जारी करने चाहिए। उन्होंने पूछा कि यह राशि पंजाब को कब तक मिलेगी, क्योंकि इससे राज्य के विकास कार्यों पर असर पड़ रहा है।
GST से हुए नुकसान की भरपाई की मांग
उन्होंने यह भी कहा कि GST लागू होने के बाद पंजाब को करीब 55 से 60 हजार करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। अरोड़ा ने सवाल किया कि केंद्र सरकार इस नुकसान की भरपाई कब करेगी और क्या इसके लिए कोई ठोस योजना बनाई जाएगी।
बाढ़ राहत राशि को लेकर भी उठाया मुद्दा
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने पंजाब में बाढ़ से हुए नुकसान के लिए 1600 करोड़ रुपये देने की घोषणा की थी। उन्होंने पूछा कि यह राशि अभी तक क्यों जारी नहीं की गई और क्या अमित शाह पंजाब दौरे के दौरान इसे देने का वादा करेंगे।
नशा तस्करी और अन्य मुद्दों पर भी सवाल
अमन अरोड़ा ने कहा कि पंजाब में पड़ोसी राज्यों से नशीले पदार्थों की तस्करी हो रही है। उन्होंने पूछा कि इसे रोकने के लिए केंद्र सरकार क्या कदम उठा रही है। इसके अलावा उन्होंने अमेरिका-भारत ट्रेड डील को लेकर भी सवाल उठाते हुए कहा कि केंद्र सरकार को इसके पीछे की स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
