आम आदमी पार्टी के पंजाब प्रवक्ता और विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने कांग्रेस पर तीखा वार करते हुए कहा कि चुनाव बहिष्कार का कांग्रेस का एलान उसकी “हार के डर” का नतीजा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता का सामना करने से बच रही है और अब चुनाव न लड़ने का बहाना ढूँढ़ रही है।
“धक्केशाही का इतिहास कांग्रेस ने ही लिखा”
धालीवाल ने आरोप लगाया कि पंजाब की राजनीति में अगर किसी ने धक्केशाही और विश्वासघात का इतिहास बनाया है, तो वह कांग्रेस ही है। लेकिन आज वही कांग्रेस नैतिकता की बातें कर रही है, जो लोगों को गुमराह करने की कोशिश है। उनके मुताबिक, अगर कांग्रेस सच में आरोप लगाना चाहती है तो ठोस सबूत पेश करे।
कांग्रेस को खुली चुनौती – एक भी उदाहरण बताओ
AAP नेता ने कांग्रेस को चुनौती देते हुए कहा कि वह अमृतसर देहात के किसी भी इलाक़े में हुई धक्केशाही का एक भी उदाहरण जनता के सामने रखे।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सिर्फ़ अपने विधायक पर हुई कार्रवाई का हवाला दे रही है, जबकि असलियत यह है कि पार्टी को हार का अंदेशा है और वह इसी डर से चुनाव से भाग रही है।
“कांग्रेस के आरोप हवा-हवाई”
कुलदीप धालीवाल ने कांग्रेस द्वारा लगाए आरोपों को पूरी तरह नकारते हुए कहा कि चुनावों में धक्केशाही होने की बात निराधार है। अगर कांग्रेस के पास कोई सबूत है तो उसे सामने लाया जाए। उन्होंने सवाल किया कि अमृतसर देहात के बाबा बकाला, जंडियाला, मजीठा, अटारी, अजनाला जैसे इलाकों में आखिर कहां धक्केशाही हुई?
उन्होंने कहा कि अगर एक भी व्यक्ति के साथ अन्याय हुआ हो, तो कांग्रेस उसे सामने लाए, लेकिन उनके पास कुछ भी नहीं है। इस वजह से वह जनता की अदालत में जाने से बच रही है।
AAP बोली— जनता सब जानती है
धालीवाल ने कहा कि पंजाब की जनता सब समझती है और कांग्रेस की राजनीति अब पुरानी हो चुकी है। उन्होंने दावा किया कि AAP सरकार निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए प्रतिबद्ध है और विपक्ष की झूठी कहानियाँ चुनावी माहौल को प्रभावित नहीं कर पाएँगी।
