इंटरनेशनल महिला दिवस के मौके पर पंजाब में महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। आम आदमी पार्टी के नेता मालविंदर सिंह कंग ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार ने “मुख्यमंत्री महिला सम्मान योजना” की घोषणा की है। उनका कहना है कि यह केवल एक कल्याणकारी योजना नहीं, बल्कि महिलाओं को सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक मजबूती देने की दिशा में बड़ा फैसला है।
हर महिला को मिलेगा मासिक आर्थिक सहारा
इस योजना के तहत राज्य की हर वयस्क महिला को हर महीने 1000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। वहीं अनुसूचित जाति (SC) वर्ग की महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये दिए जाएंगे। यह राशि सीधे महिलाओं के बैंक खातों में ट्रांसफर की जाएगी, जिससे उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने में मदद मिलेगी।
लाखों महिलाओं को मिलेगा लाभ
सरकार का दावा है कि इस योजना का लाभ पंजाब की लगभग 97 प्रतिशत वयस्क महिलाओं तक पहुंचेगा। इससे लाखों परिवारों को आर्थिक सहारा मिलेगा और महिलाओं की सामाजिक स्थिति भी मजबूत होगी।
महिलाओं के सम्मान के लिए बड़ा फैसला
मालविंदर सिंह कंग ने इस फैसले के लिए पंजाब सरकार को बधाई देते हुए कहा कि यह कदम राज्य की महिलाओं के सम्मान और अधिकारों को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उनका कहना है कि इस योजना से महिलाओं को आर्थिक स्वतंत्रता मिलेगी और समाज में उनकी भागीदारी और मजबूत होगी।
