अमृतसर में आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता और विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने बताया कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक विस्तृत पत्र भेजकर बॉर्डर एरिया डेवलपमेंट प्रोग्राम (BADP) को तुरंत दोबारा शुरू करने की मांग की है। धालीवाल ने कहा कि यह योजना 2014 से 2019 तक देश के सभी सीमा जिलों में लागू रही, लेकिन बाद में इसे बिना किसी वजह बंद कर दिया गया। इसके बंद होने से सीमा क्षेत्र के गांवों और लोगों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है।
बाढ़ से बर्बाद हुआ बुनियादी ढांचा
धालीवाल के साथ मौजूद कई सरपंचों ने बताया कि हाल की बाढ़ ने सीमा इलाकों में भारी तबाही मचाई। कई स्कूलों की इमारतें ढह गईं, सड़कें और गलियां टूट गईं और रावी नदी के किनारे बसे गांव बुरी तरह प्रभावित हुए। सरपंचों ने बताया कि पंजाब सरकार और मुख्यमंत्री भगवंत मान ने त्वरित राहत दी, लेकिन केंद्र सरकार की ओर से आज तक एक रुपये की भी मदद नहीं मिली।
भाजपा नेताओं पर उठाए सवाल
धालीवाल ने पंजाब भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ और कार्यकारी अध्यक्ष अश्वनी शर्मा पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि दोनों नेता स्वयं सीमा क्षेत्रों से आते हैं और उनके इलाकों को भी भारी नुकसान हुआ, लेकिन उन्होंने भी कभी केंद्र सरकार से BADP फंड फिर से शुरू करने की मांग नहीं की। धालीवाल ने कहा कि पहले सीमा पर फेंसिंग के उस पार रहने वाले लोगों को केंद्र की ओर से नियमित वित्तीय सहायता मिलती थी, लेकिन अब यह पूरी तरह बंद हो चुकी है। आज उन्हें जो भी मदद मिलती है, वह केवल मुख्यमंत्री भगवंत मान की सरकार से ही मिल रही है।
राज्यपाल और गृह मंत्री से भी उठाएंगे मुद्दा
AAP नेता ने बताया कि वे जल्द ही राज्यपाल से मुलाकात कर यह मामला केंद्र सरकार तक पहुँचाने की अपील करेंगे। इसके बाद वे केंद्रीय गृह मंत्री से मुलाकात करने की भी कोशिश करेंगे। धालीवाल के अनुसार, सीमा से 50 किलोमीटर के दायरे में बसे गांव देश की सुरक्षा के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं, ऐसे में BADP जैसी राष्ट्रीय स्तर की योजना का बंद होना समझ से परे है। उन्होंने कहा कि इस फंड को तुरंत बहाल किया जाना चाहिए ताकि आधारभूत सुविधाओं को वापस खड़ा किया जा सके।
फिरोजपुर गोलीकांड पर प्रतिक्रिया
फिरोजपुर में RSS नेता के बेटे को गोली मारने की घटना पर धालीवाल ने कहा कि किसी भी नागरिक पर हमला निंदनीय है। उन्होंने कहा कि दोषियों को सख्त सजा मिलनी चाहिए और जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाना चाहिए। धालीवाल ने साफ कहा कि पंजाब की शांति भंग करने की इजाजत किसी को नहीं दी जाएगी।
