कांग्रेस नेता हरक सिंह रावत के हालिया बयान ने सियासी विवाद को और भड़का दिया है। उनके कथित आपत्तिजनक बयान पर आम आदमी पार्टी के पंजाब से सांसद मलविंदर कांग ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि यह घटना साबित करती है कि कांग्रेस पार्टी अब भी सिख समुदाय के प्रति अपनी नफरत भरी सोच नहीं छोड़ सकी है।
AAP सांसद का आरोप: कांग्रेस जानबूझकर करती है ऐसे बयान
मलविंदर कांग ने कहा कि हरक सिंह रावत के बयान जितना निंदनीय है, उतना ही हैरान करने वाला कांग्रेस नेतृत्व का मौन भी है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेता इस मामले में चुप्पी साधे हुए हैं, जिससे यह साफ होता है कि ऐसी घटनाएं कोई गलती नहीं, बल्कि सोची-समझी रणनीति का हिस्सा हैं।
पंजाब कांग्रेस पर भी निशाना
AAP सांसद ने दावा किया कि इस तरह की बयानबाज़ी में पंजाब कांग्रेस के कुछ नेता भी शामिल होते हैं, जिन्हें इस बात की कोई शर्म महसूस नहीं होती। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की ऐसी हरकतों को सिख समुदाय और पंजाबी समाज कभी माफ़ नहीं करेंगे।
मामला बढ़ सकता है आगे
हरक सिंह रावत के विवादित बयान के बाद मामला और तूल पकड़ता दिख रहा है। अब सियासी हलकों में इस मुद्दे को लेकर लगातार बयानबाज़ी जारी है और आने वाले दिनों में यह विवाद और भी गहरा सकता है।
