सज्जन कुमार के भोग में भाजपा नेताओं की कथित मौजूदगी के विरोध में आम आदमी पार्टी (AAP) के कार्यकर्ताओं ने बठिंडा में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने भाजपा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और 1984 के पीड़ित परिवारों के दर्द को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया।
AAP कार्यकर्ताओं का कहना था कि जिन लोगों पर हजारों निर्दोष सिखों की हत्या से जुड़े गंभीर आरोप रहे हैं, उनके प्रति किसी भी तरह की राजनीतिक नजदीकी पंजाब के लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंचाती है।
अमृतसर में भी BJP के खिलाफ प्रदर्शन
इसी मुद्दे को लेकर अमृतसर में भी AAP कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि 1984 के दंगों के जख्म आज भी सिख परिवारों के लिए बेहद संवेदनशील मुद्दा हैं। ऐसे में दंगों से जुड़े मामलों में दोषी ठहराए गए लोगों के प्रति राजनीतिक स्तर पर दिखाई देने वाली नजदीकी पर सवाल उठना स्वाभाविक है।
बलकार सिंह ने BJP-कांग्रेस पर साधा निशाना
AAP विधायक बलकार सिंह ने भाजपा और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि दोनों पार्टियों के बीच राजनीतिक नजदीकी का आरोप पहले भी लगाया जाता रहा है और सज्जन कुमार के भोग में भाजपा नेताओं की मौजूदगी ने इस बहस को फिर तेज कर दिया है।
उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग ऐसी राजनीति को स्वीकार नहीं करेंगे, जिसमें 1984 के पीड़ितों के दर्द और न्याय की मांग को पीछे छोड़ दिया जाए।
