पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने वरिष्ठ नेता सुरजीत सिंह रखड़ा का आम आदमी पार्टी में स्वागत करते हुए कहा कि उनके लंबे राजनीतिक अनुभव से पार्टी को काफी फायदा मिलेगा। पटियाला में आयोजित कार्यक्रम के दौरान CM मान ने कहा कि अच्छे और ईमानदार लोगों का साथ मिलने से पंजाब में बदलाव की रफ्तार और तेज होगी। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार “सिस्टम बदलने” की दिशा में लगातार काम कर रही है।
किसानों और आम लोगों को राहत देने का दावा
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि पंजाब सरकार किसानों को दिन के समय मुफ्त बिजली दे रही है, जिससे खेती का खर्च कम हुआ है। उन्होंने बताया कि राज्य के करीब 90 प्रतिशत घरों के बिजली बिल अब जीरो आ रहे हैं। CM मान ने कहा कि सरकार का उद्देश्य लोगों को राहत देना और बिजली व्यवस्था को मजबूत बनाना है ताकि हर वर्ग को फायदा मिल सके।
बिजली व्यवस्था सुधारने के लिए बड़े फैसले
भगवंत मान ने बताया कि पंजाब में बिजली सप्लाई को बेहतर बनाने के लिए सरकार ने निजी थर्मल प्लांट खरीदने का बड़ा फैसला लिया। इसके साथ ही पच्छवाड़ा में लंबे समय से बंद पड़ी कोयला खान को दोबारा शुरू किया गया है ताकि राज्य में कोयले की कमी न हो और बिजली उत्पादन लगातार जारी रह सके।
अब अंडरग्राउंड होगी बिजली सप्लाई
CM मान ने कहा कि सरकार जल्द ही बिजली सप्लाई को अंडरग्राउंड करने का बड़ा प्रोजेक्ट शुरू करने जा रही है। उनका कहना है कि इससे बिजली कटौती और तकनीकी खराबियों में कमी आएगी। साथ ही तूफान और बारिश के दौरान तार टूटने जैसी समस्याओं से भी लोगों को राहत मिलेगी।
