आम आदमी पार्टी (AAP) पंजाब के मीडिया इंचार्ज बलतेज पन्नू ने रविवार को शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) के अध्यक्ष हरजिंदर सिंह धामी पर जोरदार हमला बोला। पन्नू ने आरोप लगाया कि धामी साहिब इंसाफ, सच्चाई और गुरु साहिब के पक्ष में खड़े होने की बजाय शिरोमणि अकाली दल (बादल) के प्रवक्ता की तरह व्यवहार कर रहे हैं।
“अकाली दल का सिपाही होने पर गर्व”
बलतेज पन्नू ने कहा कि हरजिंदर सिंह धामी अक्सर यह कहते हैं कि उन पर अकाली दल का स्पोक्सपर्सन होने का आरोप लगाया जाता है। लेकिन हाल ही में चंडीगढ़ में दिए बयान में धामी ने खुद स्वीकार किया कि उन्हें अकाली दल का सिपाही होने पर गर्व है। पन्नू ने तंज कसते हुए कहा कि अगर वह गुरु साहिब के सिपाही होते, तो यह ज्यादा सम्मान की बात होती।
FIR और पुलिस को लेकर बयान पर सवाल
AAP नेता ने SGPC प्रमुख के उस बयान पर भी कड़ा ऐतराज जताया, जिसमें धामी ने कहा था कि शिरोमणि कमेटी FIR को नहीं मानती और उसे पुलिस की जरूरत नहीं है। पन्नू ने सवाल उठाया कि SGPC खुद एक कानून के तहत बनी संस्था है, फिर वह कानून और पुलिस व्यवस्था को कैसे नकार सकती है।
कानून का उदाहरण दिया
पन्नू ने कहा कि जब भी SGPC अमृतसर में अपना जनरल हाउस बुलाती है, तो उसे जिला उपायुक्त से अनुमति लेनी पड़ती है। ऐसे में यह कहना कि FIR या पुलिस पर भरोसा नहीं है, पूरी तरह गलत और भ्रामक है। उन्होंने कहा कि कानून सबके लिए बराबर है, चाहे संस्था कितनी भी बड़ी क्यों न हो।
328 स्वरूपों का जवाब मांगा
AAP मीडिया इंचार्ज ने यह भी कहा कि SGPC को श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के 328 लापता स्वरूपों के मामले पर साफ जवाब देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मुद्दे से ध्यान हटाकर बादल परिवार को बचाने की कोशिश की जा रही है।
AAP का साफ संदेश
बलतेज पन्नू ने कहा कि गुरु साहिब से जुड़े मामलों में राजनीति नहीं होनी चाहिए। सच्चाई सामने लाना और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई करना ही सिख मर्यादा और इंसाफ का सही रास्ता है।
