तरणतारन उपचुनाव के नतीजों ने पंजाब की राजनीति में नया संदेश दे दिया है। आम आदमी पार्टी ने यहां भारी अंतर से जीत हासिल की है। जीत के बाद AAP नेता और मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल ने इस नतीजे को जनता का साफ संदेश बताया और विपक्ष पर तीखे तंज कसे।
“माझे ने दूर कर दिए सभी भ्रम” – धालीवाल
कुलदीप धालीवाल ने कहा कि माझे के लोगों ने सभी भ्रम और गलतफहमियों को मिटा दिया है। उन्होंने कहा कि उपचुनाव में मिले जनादेश ने यह साबित कर दिया है कि जनता मुख्यमंत्री भगवंत मान की विकास नीतियों पर पूरा भरोसा करती है। धालीवाल के अनुसार, पिछले तीन सालों में AAP सरकार ने जो काम किए हैं, उन्हें लोगों ने खुले दिल से स्वीकार किया है।
उन्होंने AAP सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल, मुख्यमंत्री भगवंत मान और पूर्व मंत्री मनीष सिसोदिया को जीत की बधाई दी और तरणतारन के वोटरों का खास धन्यवाद किया।
कांग्रेस पर सीधा हमला, “माझे वालों ने घमंड तोड़ दिया”
AAP नेता यहीं नहीं रुके। कांग्रेस की हार पर प्रतिक्रिया देते हुए धालीवाल ने सूबा कांग्रेस अध्यक्ष राजा वड़िंग पर करारा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि वड़िंग का जो “घमंड” था, आज माझे के लोगों ने उसे तोड़ दिया है।
धालीवाल ने कहा कि वड़िंग ने दिग्गज नेता बूटा सिंह के खिलाफ जिस तरह की टिप्पणी की थी, उससे लोग बेहद आहत थे। यही कारण है कि जनता ने कांग्रेस को कड़ा सबक सिखाते हुए चौथे नंबर पर धकेल दिया।
“कांग्रेस और भाजपा को पंजाब में जनता का संदेश साफ”
उन्होंने कहा कि कांग्रेस आज चौथे स्थान पर पहुंच गई है जबकि भाजपा पाँचवें नंबर पर रही। धालीवाल का कहना है कि पंजाब की जनता अब ना कांग्रेस के बहकावे में आती है और ना भाजपा की राजनीति को स्वीकार करती है.
उन्होंने भाजपा पर भी कटाक्ष करते हुए कहा कि पार्टी भविष्य की योजनाओं का दावा कर रही थी, लेकिन तरणतारन के नतीजों ने साफ कर दिया कि पंजाब के लोग भाजपा को आने वाले चुनावों में भी पास नहीं फटकने देंगे।
AAP का बढ़ता जनाधार…
तरणतारन की जीत को AAP अपने बढ़ते जनाधार की पुष्टि मान रही है। धालीवाल ने कहा कि पंजाब के लोग अब बिल्कुल साफ सोच के साथ वोट कर रहे हैं, और यह जनादेश बताता है कि पारंपरिक दलों का दौर खत्म हो रहा है।
उन्होंने कहा, “माझे के लोगों ने दिखा दिया है कि पंजाब की जनता अब पुरानी राजनीति को बर्दाश्त नहीं करेगी।”
