पंजाब पुलिस को सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा के बेटे को सोशल मीडिया पर जान से मारने की धमकी देने के मामले में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इस मामले में 24 घंटे के भीतर आरोपी को अमृतसर से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब आरोपी से विस्तृत पूछताछ कर रही है।
पूछताछ में हो सकते हैं बड़े खुलासे
गिरफ्तार आरोपी से पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि धमकियां किसके कहने पर दी गईं और उसका किन लोगों से संपर्क है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि धमकियों के पीछे मकसद क्या था और आरोपी का किसी गैंग या आपराधिक गिरोह से संबंध है या नहीं।
सांसद ने जताई थी सुरक्षा की चिंता
बता दें कि कांग्रेस सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने हाल ही में एक ट्वीट कर कहा था कि उनके बेटे को गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया की ओर से धमकियां मिल रही हैं। उन्होंने बताया कि उनका बेटा एक साथी से मिलने गया था और कुछ ही घंटों बाद फतेहगढ़ चूड़ियां इलाके में गोलीबारी की घटना हुई।
रंधावा ने की थी सख्त कार्रवाई की मांग
घटना के बाद सांसद रंधावा ने प्रशासन और पुलिस से तत्काल कार्रवाई की मांग की थी। उन्होंने स्पष्ट किया था कि यह मामला सिर्फ व्यक्तिगत नहीं बल्कि सार्वजनिक सुरक्षा से जुड़ा हुआ है और इसके पीछे गहरी साजिश हो सकती है।
पुलिस अलर्ट मोड में
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ लिया। अब पूछताछ के जरिए धमकी के पीछे के नेटवर्क और साजिश की गहराई का पता लगाया जा रहा है। पंजाब पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि किसी को भी कानून से ऊपर नहीं समझा जाएगा।
