खाड़ी देशों में बढ़ते युद्ध और पेट्रोलियम सप्लाई पर पड़े असर के कारण लोगों में एलपीजी गैस सिलेंडरों को लेकर चिंता बढ़ गई है। कई जगहों पर लोगों को गैस सिलेंडर बुक करने से लेकर समय पर मिलने तक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसी स्थिति को देखते हुए लुधियाना के डिप्टी कमिश्नर ने जिले में गैस सिलेंडरों की कमी और कालाबाजारी की शिकायतों पर सख्त कदम उठाया है।
6 विभागों की संयुक्त टीमें बनाई गईं
डिप्टी कमिश्नर ने आम जनता को परेशानियों से बचाने और गैस सिलेंडरों की उपलब्धता को पारदर्शी तरीके से सुनिश्चित करने के लिए 6 अलग-अलग विभागों के अधिकारियों की संयुक्त टीमें बनाई हैं। इन टीमों में एडिशनल डिप्टी कमिश्नर (जनरल), एडिशनल चीफ एडमिनिस्ट्रेटर (GLADA), नगर निगम के जॉइंट कमिश्नर, पुलिस कमिश्नर कार्यालय के अधिकारी और ACP, जिला आबकारी व कराधान कमिश्नर तथा नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता मामलों के विभाग के जिला नियंत्रक (खाद्य) शामिल हैं।
कालाबाजारी और जमाखोरी पर सख्त नजर
प्रशासन द्वारा गठित ये टीमें समय-समय पर जिले की सीमाओं और विभिन्न क्षेत्रों में जांच करेंगी, ताकि गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी और जमाखोरी को रोका जा सके। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि यदि कोई व्यक्ति गैस सिलेंडरों की अवैध बिक्री या जमाखोरी करते हुए पाया जाता है तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।
घरेलू सिलेंडरों के गलत इस्तेमाल पर भी कार्रवाई
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में घरेलू गैस सिलेंडरों के गलत इस्तेमाल की जांच भी की जाएगी। यदि किसी होटल, ढाबे या अन्य व्यापारिक स्थान पर घरेलू सिलेंडरों का उपयोग पाया जाता है तो संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।
गैस बुकिंग में नहीं होगी परेशानी
जिले के सभी शहरी क्षेत्रों में काम कर रही गैस एजेंसियों को आदेश दिए गए हैं कि उनके फोन नंबर और हेल्पलाइन नंबर हर समय चालू रहें, ताकि उपभोक्ताओं को बुकिंग और सप्लाई से जुड़ी जानकारी आसानी से मिल सके। अगर किसी कारण से ऑनलाइन बुकिंग नहीं हो पाती है, तो गैस एजेंसियां ऑफलाइन बुकिंग भी स्वीकार करेंगी और तय समय में सिलेंडर की सप्लाई सुनिश्चित करेंगी।
अफवाहों पर भी रखी जाएगी नजर
डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि जिला जनसंपर्क अधिकारी (DPRO) मीडिया और सार्वजनिक संदेशों के जरिए यह सुनिश्चित करेंगे कि गैस सिलेंडरों की उपलब्धता या सप्लाई को लेकर कोई गलत जानकारी या अफवाह न फैले। प्रशासन का उद्देश्य है कि लोगों तक केवल सही और प्रमाणित जानकारी ही पहुंचे, ताकि घबराहट की स्थिति पैदा न हो।
