गुजरात के अहमदाबाद से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां खोखरा इलाके के एक निजी स्कूल में 10वीं कक्षा के 15 वर्षीय छात्र नयन पर 9वीं के छात्र ने चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल नयन को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान बुधवार को उसकी मौत हो गई।
अभिभावकों का गुस्सा, स्कूल में तोड़फोड़
नयन की मौत की खबर मिलते ही अभिभावकों और समुदाय के लोगों में गुस्सा भड़क उठा। बड़ी संख्या में सिंधी समुदाय के लोग, हिंदू संगठन और एबीवीपी कार्यकर्ता स्कूल पहुंच गए। गुस्साए लोगों ने स्कूल में जमकर तोड़फोड़ की और स्टाफ से मारपीट भी की। हालात को काबू में करने के लिए पुलिस बल तैनात करना पड़ा।
पुलिस ने आरोपी छात्र को पकड़ा
पुलिस ने हमले में शामिल 9वीं कक्षा के छात्र को हिरासत में लिया है। नाबालिग होने के कारण पुलिस मामले की जांच किशोर न्याय कानून के तहत कर रही है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि आरोपी छात्र के साथ-साथ स्कूल प्रिंसिपल और मैनेजमेंट पर भी कार्रवाई होनी चाहिए।
नॉनवेज विवाद से शुरू हुआ झगड़ा
स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना की शुरुआत छात्रों के बीच नॉनवेज खाने को लेकर हुई कहासुनी से हुई थी। इसी बहस ने झगड़े का रूप लिया और आरोपी छात्र ने नयन पर चाकू से वार कर दिया। फिलहाल पुलिस इस एंगल की भी जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी भी नाकाफी
मामले की गंभीरता को देखते हुए जेसीपी और डीसीपी समेत कई पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। बावजूद इसके गुस्साए अभिभावकों का आक्रोश थम नहीं रहा है। समुदाय के लोग आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
