पंजाब में आतंक फैलाने की एक बड़ी साजिश को राज्य की एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) और तरनतारण पुलिस ने समय रहते विफल कर दिया। खुफिया सूचना के आधार पर चलाए गए अभियान में पुलिस ने एक इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) बरामद किया है। यह IED पाकिस्तान समर्थित आतंकी नेटवर्क बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) और इसके कुख्यात ऑपरेटिव हरविंदर सिंह उर्फ रिंदा तथा लखबीर उर्फ लंडा के इशारे पर भेजा गया था।
पाकिस्तान की ISI की साजिश भी आई सामने
पुलिस की जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि इस साजिश के पीछे पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI का भी हाथ है। आतंकियों का मकसद पंजाब में किसी बड़ी घटना को अंजाम देना था, लेकिन AGTF और तरनतारण पुलिस की मुस्तैदी से ये मंसूबे विफल हो गए।
बम निरोधक दस्ते ने IED को किया डिफ्यूज
बरामद IED को तत्काल सुरक्षित स्थान पर ले जाकर बम निरोधक दस्ते (EOD Team) की मदद से सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय किया गया। इस पूरी प्रक्रिया में सुरक्षा बलों ने संयम और कुशलता से काम लिया, जिससे किसी प्रकार का नुकसान नहीं हुआ।
एफआईआर दर्ज, जांच जारी
इस मामले में सिरहाली थाना, तरनतारण में Explosives Act के तहत FIR दर्ज की गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह विस्फोटक किस रास्ते से पंजाब तक पहुंचा और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। आगे की जांच जारी है और कुछ और अहम खुलासे होने की उम्मीद है।
पंजाब पुलिस की आतंकवाद के खिलाफ प्रतिबद्धता
इस कार्रवाई के बाद पंजाब पुलिस ने दोहराया है कि वह राज्य में किसी भी तरह की आतंकी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं करेगी। पुलिस ने कहा है कि वह संगठित अपराध और आतंकवाद को जड़ से खत्म करने के लिए पूरी ताकत से लड़ाई लड़ रही है, ताकि राज्य के नागरिक सुरक्षित और शांति से जीवन व्यतीत कर सकें।
