डिजिटल डेस्क। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के अध्यक्ष अजित पवार का अंतिम संस्कार आज बारामती में पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। अपने लोकप्रिय नेता को अंतिम विदाई देने के लिए हजारों समर्थक बारामती पहुंच चुके हैं। प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए हैं।
PM मोदी और अमित शाह के शामिल होने की संभावना
सूत्रों के मुताबिक, गृह मंत्री अमित शाह अंतिम संस्कार में शामिल होंगे, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भी बारामती पहुंचने की संभावना है। राज्य और केंद्र सरकार के कई वरिष्ठ नेता श्रद्धांजलि देने पहुंच रहे हैं।
विमान हादसे में हुआ था निधन
नागरिक उड्डयन मंत्रालय के अनुसार, 28 जनवरी की सुबह करीब 8.44 बजे बारामती एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान निजी चार्टर्ड विमान लियरजेट-45 (VT-SSK) दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। विमान में आग लग गई, जिसमें अजित पवार समेत कुल पांच लोगों की मौत हो गई।
हादसे के बाद DGCA ने उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) की विशेषज्ञ टीम दुर्घटनास्थल पर पहुंचकर फोरेंसिक जांच कर रही है।
इन लोगों की भी गई जान
इस दर्दनाक हादसे में
कैप्टन सुमित कपूर
को-पायलट कैप्टन शाम्भवी पाठक
पर्सनल सिक्योरिटी ऑफिसर विदित जाधव
फ्लाइट अटेंडेंट पिंकी माली
की भी मृत्यु हो गई। अजित पवार के शव की पहचान उनकी कलाई घड़ी से की गई।
विद्या प्रतिष्ठान में रखी गई पार्थिव देह
अजित पवार की पार्थिव देह को बारामती स्थित विद्या प्रतिष्ठान में अंतिम दर्शन के लिए रखा गया है। यह वही शैक्षणिक संस्थान है, जिसे उन्होंने स्वयं विकसित किया था।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बारामती पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि उन्होंने एक करीबी मित्र खो दिया है।
महाराष्ट्र की राजनीति का बड़ा स्तंभ
66 वर्षीय अजित पवार आठ बार बारामती से विधायक और एक बार सांसद रह चुके थे। उनका निधन महाराष्ट्र की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है।
