दुनिया के सबसे चर्चित और अमीर उद्योगपतियों में शुमार एलन मस्क ने अब राजनीति में उतरने का बड़ा फैसला लिया है। शनिवार, 5 जुलाई 2025 को मस्क ने अमेरिका में एक नई राजनीतिक पार्टी की घोषणा कर सबको चौंका दिया। यह फैसला ऐसे समय में आया है जब अमेरिका की राजनीति दो बड़ी पार्टियों—डेमोक्रेट्स और रिपब्लिकन—के इर्द-गिर्द घूमती रही है, लेकिन अब मस्क जनता के सामने तीसरा विकल्प पेश करना चाहते हैं।
एलन मस्क और ट्रंप: दोस्ती से दुश्मनी तक
कुछ साल पहले तक मस्क अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के समर्थन में थे। उन्होंने ट्रंप के 2024 के चुनाव अभियान के लिए करोड़ों डॉलर दान किए थे और सरकारी खर्चों में कटौती के लिए उनके साथ काम भी किया था। लेकिन अब दोनों के रिश्तों में खटास आ चुकी है।
दरअसल, हाल ही में “वन बिग ब्यूटीफुल बिल” नामक एक बड़ा खर्चीला बिल अमेरिकी कांग्रेस से पास हुआ, जिससे मस्क पूरी तरह असहमत हैं। उनका कहना है कि यह बिल अमेरिकी अर्थव्यवस्था पर भारी कर्ज का बोझ डालेगा। उन्होंने चेतावनी दी है कि जो सांसद इस बिल का समर्थन करेंगे, उनके खिलाफ वो खुद पैसे खर्च कर अभियान चलाएंगे।
जनता से मांगी राय, फिर किया बड़ा ऐलान
इस ऐलान से ठीक एक दिन पहले मस्क ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पहले ट्विटर) पर एक पोल किया, जिसमें उन्होंने अमेरिकी लोगों से पूछा कि क्या उन्हें एक नई राजनीतिक पार्टी की ज़रूरत महसूस होती है। हैरानी की बात यह रही कि लगभग दो गुना ज्यादा लोगों ने नई पार्टी के पक्ष में वोट डाले।
इसके बाद मस्क ने लिखा,
“आज ‘America Party’ की शुरुआत की जाती है, ताकि आपकी आज़ादी आपको वापस मिल सके।”
यह वाक्य उनके राजनीतिक सफर की औपचारिक शुरुआत बन गया। मस्क ने इसे लोगों की आजादी की लड़ाई करार दिया और यह भी संकेत दिया कि वह मौजूदा व्यवस्था से पूरी तरह असंतुष्ट हैं।
क्या 2028 में राष्ट्रपति चुनाव लड़ेंगे एलन मस्क?
जब एक यूजर ने मस्क से सीधे सवाल पूछा कि क्या वह 2026 के मिड-टर्म चुनाव या 2028 के राष्ट्रपति चुनाव में भाग लेंगे, तो मस्क ने बेहद संक्षिप्त और संकेतात्मक अंदाज़ में जवाब दिया—
“Next Year” (अगले साल)
इस जवाब ने अटकलों को हवा दे दी है कि मस्क खुद राष्ट्रपति पद की दौड़ में उतर सकते हैं या फिर अपनी पार्टी से किसी कैंडिडेट को मैदान में उतारेंगे।
ट्रंप की प्रतिक्रिया: खुली धमकी
मस्क के इस बदले हुए रुख से बौखलाए ट्रंप ने उन्हें खुली धमकी दी है। ट्रंप ने कहा कि अगर मस्क ने विरोध जारी रखा, तो उनकी कंपनियों को दी जा रही फेडरल सब्सिडी खत्म कर दी जाएगी। इतना ही नहीं, ट्रंप ने तो यह तक कह दिया कि वे मस्क को अमेरिका से बाहर (डिपोर्ट) भी करवा सकते हैं।
