हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के प्रतिष्ठित बिशप कॉटन स्कूल (BCS) से लापता हुए तीन छात्रों को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर ढूंढ निकाला। 11 वर्षीय अंगद (कुल्लू), हितेंद्र (मोहाली) और विदांश (करनाल) 9 अगस्त को स्कूल की छुट्टी के दौरान बाहर घूमने निकले थे और उसी दौरान लापता हो गए थे।
पुलिस के आधिकारिक बयान के अनुसार, तीनों बच्चों को कोटखाई के चैथला गांव से बरामद किया गया। इस मामले में गांव के निवासी 45 वर्षीय सुमित सूद को हिरासत में लिया गया है।
ऐसे मिली सफलता
पुलिस को एक संदिग्ध वाहन के बारे में सुराग मिला, जिसे आखिरी बार स्कूल के पास देखा गया था। इस सुराग पर तेजी से कार्रवाई करते हुए पुलिस ने वाहन की लोकेशन थियोग के पास ट्रेस की और बाद में यह वाहन कोटखाई में खड़ा मिला। यहीं से तीनों बच्चों को सुरक्षित बरामद कर लिया गया।
छह घंटे का रेस्क्यू ऑपरेशन
यह ऑपरेशन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवदीप सिंह के नेतृत्व में चलाया गया, जिसमें शहर के अन्य अधिकारी, न्यू शिमला थाने के प्रभारी, CCTV निगरानी टीम और जिला अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (DCRB) की टीम शामिल रही। महज छह घंटे की गहन तलाश के बाद संदिग्ध और वाहन को पकड़ लिया गया और बच्चों को सुरक्षित छुड़ा लिया गया।
पुलिस फिलहाल आरोपी से पूछताछ कर रही है, ताकि इस घटना के पीछे की पूरी कहानी और मंशा का पता लगाया जा सके। तीनों बच्चों की सकुशल वापसी से उनके परिजनों और स्कूल प्रशासन ने राहत की सांस ली है।
