Aman Arora ने चंडीगढ़ स्थित उद्योग भवन में उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री के रूप में पदभार संभाल लिया। पंजाब सरकार में पहले से कई अहम विभागों की जिम्मेदारी निभा रहे अमन अरोड़ा अब राज्य के औद्योगिक विकास को नई दिशा देने की तैयारी में हैं। वह रोजगार सृजन, कौशल विकास एवं प्रशिक्षण, नई एवं नवीकरणीय ऊर्जा स्रोत, सुशासन एवं सूचना प्रौद्योगिकी तथा प्रिंटिंग एवं स्टेशनरी विभाग भी संभाल रहे हैं।
मुख्यमंत्री और अरविंद केजरीवाल का जताया आभार
पदभार संभालने के बाद अमन अरोड़ा ने Bhagwant Mann और Arvind Kejriwal का उन पर विश्वास जताने के लिए धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता पंजाब को देश का सबसे पसंदीदा निवेश स्थल बनाना है। इसके लिए लालफीताशाही खत्म करने और उद्योगों को आसान माहौल देने पर जोर दिया जाएगा।
स्थानीय युवाओं को रोजगार देने पर फोकस
अमन अरोड़ा ने कहा कि राज्य में आने वाले हर नए उद्योग से स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलना सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि औद्योगिक नीति, हरित ऊर्जा, कौशल विकास और प्रशासनिक सुधारों को आपस में जोड़कर एक मजबूत औद्योगिक ढांचा तैयार किया जाएगा। उनका कहना है कि पंजाब में ऐसा वातावरण बनाया जाएगा जहां उद्योगों को बढ़ावा मिलने के साथ युवाओं को सम्मानजनक रोजगार भी मिल सके।
‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ पर रहेगा जोर
मंत्री ने कहा कि उनका लक्ष्य पंजाब को “Ease of Doing Business” यानी व्यवसाय करने के लिए सबसे आसान राज्यों में शामिल करना है। उन्होंने बताया कि उद्योग, कौशल विकास और नवीकरणीय ऊर्जा को एक साथ जोड़कर राज्य में सर्कुलर अर्थव्यवस्था तैयार की जाएगी, जिससे विकास और रोजगार दोनों को मजबूती मिलेगी।
अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक
उद्योग भवन पहुंचने पर विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने अमन अरोड़ा का स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की और राज्य में चल रही औद्योगिक परियोजनाओं को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही अधिक से अधिक निवेश आकर्षित करने और उद्योगों के विस्तार को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया।
