पंजाब के कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने भाजपा नेता मनजिंदर सिंह सिरसा और कांग्रेस नेता प्रताप सिंह बाजवा पर जमकर निशाना साधा है। हाल ही में सिरसा और बाजवा ने आम आदमी पार्टी के नेताओं पर उनकी वीडियो के साथ छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया था। बाजवा की शिकायत पर अमन अरोड़ा और मंत्री हरपाल सिंह चीमा के खिलाफ FIR भी दर्ज हो चुकी है।
लेकिन अब अमन अरोड़ा ने इन आरोपों को लेकर बड़ा और तीखा बयान दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह मनजिंदर सिंह सिरसा से माफ़ी नहीं मांगेंगे। अरोड़ा ने कहा,
“माफ़ी तो भूल जाओ, सिरसा जो भी कार्रवाई करना चाहते हैं, कर लें। मैं हर चीज़ का सामना करने के लिए तैयार हूं।”
मनजिंदर सिंह सिरसा ने दी थी चेतावनी
सिरसा ने कहा था कि अगर अमन अरोड़ा 24 घंटे में माफ़ी नहीं मांगते तो वो उनके खिलाफ मानहानि का केस करेंगे। लेकिन अरोड़ा ने जवाब में यह कहकर माहौल गरमा दिया कि वह अपने बयान पर अडिग हैं और डरने वाले नहीं हैं।
प्रताप बाजवा पर भी वार
प्रताप सिंह बाजवा को लेकर भी अमन अरोड़ा ने कई पुराने वीडियो का हवाला देते हुए निशाना साधा। उन्होंने कहा,
“बाजवा साहब के 2014 के बयान की वीडियो, बिक्रम मजीठिया की गिरफ्तारी पर दी गई प्रतिक्रिया और बाद में उससे पलटने वाली वीडियो – सब कुछ सार्वजनिक है।”
उन्होंने आगे कहा कि बाजवा चाहे जितनी भी FIR दर्ज करवा लें, वो अपने शब्दों से पीछे नहीं हटेंगे।
केंद्रीय गृह मंत्रालय की पुलिस से नहीं डर
अरोड़ा ने यह भी कहा कि भाजपा और बाजवा ने बहुत तेज़ी से चंडीगढ़ में FIR दर्ज करवा ली, जबकि वह इलाका केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधीन आता है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के नेता इस मामले का कानूनी तरीके से सामना करेंगे और पीछे नहीं हटेंगे।
गिरफ्तारी के सवाल पर अरोड़ा का जवाब
जब अरोड़ा से गिरफ्तारी के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा,
“हम कानून का सम्मान करते हैं और उसके अनुसार ही आगे बढ़ेंगे। लेकिन सच्चाई को सामने लाना हमारा हक है, और हम पीछे नहीं हटेंगे।”
इस पूरे विवाद से साफ है कि पंजाब की राजनीति में जुबानी जंग तेज होती जा रही है। एक तरफ विरोधी दल आप नेताओं पर वीडियो से छेड़छाड़ के आरोप लगा रहे हैं, तो दूसरी तरफ आम आदमी पार्टी के नेता पलटवार करते हुए आरोपों को सिरे से खारिज कर रहे हैं। आने वाले दिनों में यह विवाद और भी गहराता नजर आ सकता है।
