चंडीगढ़: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 20 अक्टूबर को पंजाब के दौरे पर आएंगे। भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के मुताबिक, इस दौरान अमित शाह संगरूर, बटाला और मानसा का दौरा कर सकते हैं। उनके दौरे के दौरान नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले और इससे प्रभावित परिवारों से मुलाकात की भी संभावना है।
संगरूर, बटाला और मानसा जाएंगे अमित शाह
रवनीत सिंह बिट्टू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अमित शाह के पंजाब दौरे की जानकारी साझा की। उन्होंने गृह मंत्री के कार्यक्रम का स्वागत करते हुए पंजाब के लोगों से नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को समर्थन देने की अपील की।
परविंदर सिंह झोटा के परिवार से भी मिल सकते हैं
जानकारी के मुताबिक, अमित शाह नशे के खिलाफ लड़ाई में सक्रिय रहे परविंदर सिंह झोटा के घर भी जा सकते हैं। इस दौरान उनके परिवार से मुलाकात की संभावना जताई जा रही है।
20 दिनों में दूसरी बार पंजाब दौरा
अमित शाह का यह दौरा इसलिए भी चर्चा में है, क्योंकि पिछले करीब 20 दिनों के भीतर उनके दूसरी बार पंजाब आने की बात कही जा रही है। उनके दौरे को लेकर प्रदेश के राजनीतिक हलकों में भी चर्चाएं तेज हैं।
