अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने सीमा पार से चल रहे हेरोइन तस्करी नेटवर्क पर बड़ा प्रहार किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार तस्करों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से 12.06 किलो हेरोइन, एक अत्याधुनिक पिस्तौल और एक मैगजीन बरामद की।
पहले भी बरामद हुई थी बड़ी खेप
इस मामले में पुलिस ने पहले ही पांच तस्करों को गिरफ्तार कर 8.187 किलो हेरोइन जब्त की थी। ताज़ा कार्रवाई के बाद यह खुलासा हुआ कि यह नेटवर्क तरनतारण और अमृतसर ग्रामीण इलाकों में सक्रिय था और सीधे पाकिस्तान से जुड़े तस्करों से संपर्क में था।
पूछताछ में बड़ा खुलासा
पुलिस की पूछताछ में आरोपी गुरसेवक सिंह ने खुलासा किया कि तरनतारण सेक्टर में गੁਰभेज सिंह, उसके बेटे गुरदित सिंह और मलकित सिंह इस पूरे नेटवर्क को चला रहे थे। बताया गया कि गुरभेज सिंह सीधे पाकिस्तान में बैठे तस्करों से तालमेल कर रहा था। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने उसके घर में बने एक गड्ढे से 10 किलो हेरोइन बरामद की।
एक और तस्कर की हुई गिरफ्तारी
जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने गांव कोटली साका के निवासी गुरजीत सिंह को भी गिरफ्तार किया। उसकी पहचान पर पुलिस ने 2.06 किलो हेरोइन, .30 बोर पिस्तौल और मैगजीन भी बरामद की। इस तरह से गिरोह के एक और अहम नोड का पर्दाफाश हो गया।
केस दर्ज, आगे की जांच जारी
इस पूरे मामले में थाना छेहरटा, अमृतसर में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आगे की जांच के दौरान और भी बरामदगियां तथा गिरफ्तारियां संभव हैं।
पंजाब पुलिस का सख्त रुख
पंजाब पुलिस ने साफ कहा है कि संगठित अपराध और सीमा पार से होने वाली नशा तस्करी के खिलाफ उसकी लड़ाई जारी रहेगी। पुलिस का यह भी कहना है कि ऐसे नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करने के लिए लगातार कार्रवाई जारी रहेगी और किसी को बख्शा नहीं जाएगा।
