श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस के अवसर पर पंजाबी यूनिवर्सिटी, पटियाला ने छात्रों के लिए एक बड़ा ऐलान किया है। यूनिवर्सिटी ने “गोल्डन चांस” योजना की शुरुआत की है, जिसके तहत वे छात्र जो किसी कारणवश अपनी पढ़ाई अधूरी छोड़ चुके हैं या परीक्षा में फेल हो गए हैं, उन्हें दोबारा परीक्षा देने का मौका मिलेगा।
पढ़ाई पूरी करने का सुनहरा अवसर
यूनिवर्सिटी प्रशासन के अनुसार, यह योजना उन पुराने छात्रों के लिए है जो अपनी डिग्री पूरी नहीं कर पाए या किसी विषय में री-अपियर रह गए। अब उन्हें एक आखिरी मौका दिया जा रहा है ताकि वे अपनी डिग्री हासिल कर सकें या अपने अंकों और डिवीजन में सुधार कर सकें।
फीस और परीक्षा का समय तय
इस योजना के तहत छात्रों को 53,000 रुपये फीस के रूप में जमा करनी होगी। आवेदन पत्र भरने की अंतिम तिथि 15 नवंबर तय की गई है। यूनिवर्सिटी ने बताया कि “गोल्डन चांस” के तहत ऑड सेमेस्टर (1, 3 और 5) की परीक्षाएं दिसंबर 2025 में और ईवन सेमेस्टर (2, 4 और 6) की परीक्षाएं मई 2026 में आयोजित की जाएंगी।
फीस को लेकर छात्रों में नाराज़गी
हालांकि, इस योजना को लेकर छात्रों में असंतोष देखा जा रहा है। कई छात्रों का कहना है कि 53,000 रुपये की फीस बहुत अधिक है और हर कोई इसे वहन नहीं कर सकता। छात्रों का आरोप है कि यूनिवर्सिटी ने “गोल्डन चांस” का नाम लेकर फीस के ज़रिए आर्थिक बोझ बढ़ा दिया है।
यूनिवर्सिटी ने दी सफाई
दूसरी ओर, यूनिवर्सिटी प्रशासन का कहना है कि यह फीस कई वर्षों से तय है और इसमें कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है। सिर्फ छात्रों को फिर से मौका दिया जा रहा है ताकि वे अपनी अधूरी पढ़ाई पूरी कर सकें। प्रशासन ने बताया कि यह योजना छात्रों के हित में है और इसका उद्देश्य शिक्षा से वंचित छात्रों को एक नया अवसर देना है।
