क्रिकेट फैंस के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। एशिया कप 2025 को लेकर बड़ी जानकारी मिली है कि भारत और पाकिस्तान की टीमें इस बार एक ही ग्रुप में खेल सकती हैं। यानी लंबे समय बाद दोनों चिरप्रतिद्वंद्वी एक बार फिर एशिया कप के मंच पर आमने-सामने हो सकते हैं। सूत्रों के मुताबिक, टूर्नामेंट के वेन्यू और शेड्यूल को लेकर जल्द ही अंतिम मुहर लगने की उम्मीद है।
ढाका में हुई अहम बैठक, BCCI-PBC में बनी सहमति
हाल ही में एशियाई क्रिकेट परिषद (ACC) की वार्षिक बैठक ढाका में हुई थी, जिसमें बीसीसीआई के वरिष्ठ अधिकारी वर्चुअल रूप से शामिल हुए। बैठक में यह सुझाव आया कि भारत और पाकिस्तान को एक ही ग्रुप में रखा जाए, ताकि ग्रुप स्टेज में ही हाई-वोल्टेज मुकाबला देखने को मिल सके।
सूत्रों ने बताया है कि बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चेयरमैन मोहसिन नकवी जल्द ही एक बैठक करेंगे, जिसमें मैचों के स्थान और कार्यक्रम पर अंतिम चर्चा होगी।
UAE में होंगे एशिया कप के सभी मुकाबले
न्यूज़18 की एक रिपोर्ट के अनुसार, एशिया कप 2025 की मेजबानी इस बार संयुक्त अरब अमीरात (UAE) करेगा। भारतीय टीम के सभी मुकाबले दुबई में खेले जाने की योजना है। शेड्यूल को लेकर फिलहाल बातचीत जारी है, लेकिन टूर्नामेंट 5 से 21 सितंबर के बीच आयोजित हो सकता है।
बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने CNN-News18 से बातचीत में पुष्टि की है कि एशिया कप को लेकर जल्द ही औपचारिक घोषणा की जाएगी। उन्होंने कहा कि राजीव शुक्ला अन्य सदस्यों को आईसीसी बैठक की जानकारी देंगे।
एशिया कप 2025: आठ टीमें, टी20 फॉर्मेट
2025 में एशिया कप का यह 17वां संस्करण होगा और यह टी20 फॉर्मेट में खेला जाएगा। इस टूर्नामेंट में आठ टीमें भाग लेंगी:
-
भारत
-
पाकिस्तान
-
श्रीलंका
-
बांग्लादेश
-
अफगानिस्तान
-
हांगकांग
-
यूएई
-
ओमान
टीमें दो ग्रुप में बांटी जाएंगी, जिसमें भारत और पाकिस्तान को एक ही ग्रुप में शामिल किए जाने की योजना है। ग्रुप स्टेज के बाद टॉप 2 टीमें सुपर-4 में पहुंचेंगी और अंत में शीर्ष दो टीमों के बीच फाइनल खेला जाएगा।
फैंस के लिए रोमांच का इंतजार
भारत-पाकिस्तान मुकाबले का इंतजार हमेशा खास होता है। अब जबकि दोनों टीमें एशिया कप में आमने-सामने आ सकती हैं, फैंस के बीच रोमांच चरम पर है। अब बस आधिकारिक शेड्यूल की घोषणा का इंतजार है।
