आम आदमी पार्टी (AAP) पंजाब के महासचिव और मीडिया प्रभारी बलतेज पन्नू ने शिरोमणि अकाली दल पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सवाल उठाया कि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने करीब एक महीने पहले 19 जुलाई से ‘धर्म युद्ध मोर्चा’ शुरू करने का ऐलान किया था, लेकिन अब तक इसके कार्यक्रम या शुरुआत को लेकर कोई जानकारी सामने नहीं आई।
सोशल मीडिया पर किया कटाक्ष
बलतेज पन्नू ने सोशल मीडिया पर व्यंग्यात्मक टिप्पणी करते हुए कहा कि यदि मोर्चा कहीं शुरू नहीं हुआ, तो अकाली दल इसे “आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI)” के जरिए ही शुरू कर दे और उसका वीडियो सोशल मीडिया पर साझा कर दे। उन्होंने यह भी तंज कसा कि शायद इससे ही पार्टी के नेता संतुष्ट हो जाएंगे। उनका यह बयान सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
पहले किए गए ऐलान का दिलाया याद
AAP नेता ने कहा कि अकाली दल ने बड़े स्तर पर ‘धर्म युद्ध मोर्चा’ शुरू करने का दावा किया था, लेकिन निर्धारित तारीख नजदीक आने के बावजूद न तो कोई विस्तृत कार्यक्रम घोषित किया गया और न ही किसी बड़े आंदोलन की तैयारी दिखाई दी। उन्होंने आरोप लगाया कि यह घोषणा केवल राजनीतिक माहौल बनाने के लिए की गई थी।
