नए साल का आगमन होते ही दुनियाभर में लोग एक-दूसरे को शुभकामनाएं भेजते हैं। इस दौरान WhatsApp पर बधाई संदेशों की बाढ़ आ जाती है। हर साल 1 जनवरी को यह प्लेटफॉर्म सबसे ज्यादा व्यस्त रहता है। लेकिन इसी भीड़-भाड़ का फायदा उठाकर साइबर ठग भी सक्रिय हो जाते हैं। वे नए साल की बधाई के बहाने लोगों को धोखा देने की कोशिश करते हैं। ऐसे में जरूरी है कि अनजान नंबरों से आने वाले संदेशों पर खास नजर रखी जाए, ताकि फ्रॉड से बचा जा सके।
नए साल पर क्यों बढ़ जाता है फ्रॉड का खतरा
नए साल के मौके पर लोग खुशियों में संदेश जल्दी-जल्दी खोलते और पढ़ते हैं। इसी जल्दबाजी का फायदा स्कैमर उठाते हैं। वे बधाई के नाम पर फर्जी ऑफर, गिफ्ट या कूपन का लालच देते हैं। कई बार मैसेज इतने असली लगते हैं कि लोग बिना सोचे-समझे उन पर भरोसा कर लेते हैं, जिससे आर्थिक नुकसान हो सकता है।
लिंक या QR कोड वाले संदेशों से सतर्क रहें
आमतौर पर नए साल की बधाई में सिर्फ शुभकामनाएं, इमोजी या तस्वीरें होती हैं। अगर किसी संदेश में लिंक या QR कोड भेजा गया है तो सावधान हो जाना चाहिए। ऐसे लिंक पर क्लिक करते ही फर्जी वेबसाइट खुल सकती है, जहां आपकी निजी जानकारी मांगी जाती है। कई मामलों में ये लिंक आपके फोन में नुकसानदायक फाइल भी डाउनलोड करवा सकते हैं।
जल्दबाजी कराने वाले शब्द हो सकते हैं खतरे का संकेत
अगर किसी मैसेज में “लिमिटेड ऑफर”, “क्लेम नाउ”, “गिफ्ट पाने के लिए वेरिफाई करें” जैसे शब्द लिखे हों, तो समझ लें कि मामला संदिग्ध हो सकता है। नए साल की शुभकामनाओं की कोई समय-सीमा नहीं होती। इसलिए अगर कोई संदेश तुरंत कोई एक्शन लेने को कहे, तो यह फ्रॉड का इशारा हो सकता है।
स्पेलिंग और भाषा पर जरूर दें ध्यान
स्कैमर अक्सर बड़ी कंपनियों के नाम और लोगो की नकल करते हैं। वे प्रोफाइल फोटो और बायो भी असली जैसे बना लेते हैं। लेकिन ऐसे मैसेज में अक्सर स्पेलिंग की गलतियां या अजीब भाषा देखने को मिलती है। किसी भी अनजान मैसेज को सिर्फ ब्रांड का नाम देखकर भरोसेमंद न मानें। लिंक पर क्लिक करने से पहले अच्छी तरह जांच करना जरूरी है।
अनजान नंबर से आए मैसेज पर रखें नजर
नए साल की बधाई अगर किसी ऐसे नंबर से आए जिसे आप नहीं जानते, तो अतिरिक्त सावधानी बरतनी चाहिए। ऐसे मैसेज का जवाब देने या उसमें दिए गए लिंक खोलने से बचना ही बेहतर होता है। जरूरत पड़ने पर ऐसे नंबर को ब्लॉक करना सुरक्षित कदम माना जाता है।
नया साल खुशियों और उम्मीदों का संदेश लेकर आता है, लेकिन डिजिटल दुनिया में थोड़ी सतर्कता भी जरूरी है। बधाई संदेशों के बीच छिपे फ्रॉड से बचने के लिए समझदारी और ध्यान ही सबसे बड़ा हथियार है। जागरूक रहकर ही आप नए साल की शुरुआत को सुरक्षित और सुखद बना सकते हैं।
